अग्रवाल शिक्षा समिति में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
हैदराबाद, अग्रवाल शिक्षा समिति द्वारा संचालित अग्रवाल जूनियर कॉलेज फॉर बॉयज और दुर्गा प्रसाद बनवारी लाल गर्ल्स जूनियर कॉलेज द्वारा समिति के सेड़मल हॉल में भविष्य निर्माण पर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत व पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। अवसर पर मुख्य वक्ता मानव क्षमता प्रशिक्षक राजेश प्रसाद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में प्रत्येक जीत संभव है।
अगर हमारी यात्रा में ताकत है, तो हम किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। अग्रवाल शिक्षा समिति शताब्दी वर्ष मना रही है। 1925 में जिन्होंने समिति की शुरुआत की, उन्हें दिल से धन्यवाद है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि इंटर व डिग्री के 5 वर्ष मेहनत करने से आप जीवन सफल बना सकते हैं। इसके लिए हमारी सोच सकारात्मक होनी चाहिए। स्वयं की मेहनत से हम व्यक्तित्व का निर्माण कर सकते हैं।
सफलता के लिए अवसर न गंवाकर तैयारी करनी चाहिए तभी हम जीवन में प्रगति कर सकते हैं। सफलता के लिए अपना लक्ष्य स्वयं निर्धारित करना चाहिए। अवसर का लाभ उठाकर हम सफलता प्राप्त कर सकते हैं, समाज में प्रगति करने के लिए हमें शिक्षा के साथ-साथ लोगों से संपर्क करना जरूरी है। जितनी मेहनत करोगे, उतना जीवन सुखमय होगा। पैसा तकदीर से आता है, सरस्वती मेहनत से आती है। सफलता प्राप्त करने के लिए ज्ञान का होना आवश्यक है।
यह भी पढ़ें… गुरु नानक संस्थान ने मनाया वार्षिक दिवस
शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सफलता पर प्रेरक सत्र
बड़ी-बड़ी मुश्किलों का सामना करने के लिए पहले छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान जरूरी है। अभ्यास से ही मनुष्य आत्मनिर्भर बनता है। कोई भी महत्वपूर्ण बात को ध्यान पूर्वक सुनने से ही हम उसे अपने जीवन में कार्यान्वित कर सकते हैं। हमें अपनी कमजोरी को ताकत में बदलना चाहिए और अपने जीवन में सफलता पाने के लिए नए अवसर ढूंढना चाहिए। डर को दूर कर ही हम जीवन में विजय प्राप्त कर सकते हैं।
अवसर पर मानद मंत्री सीए नवीन नवीन कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ दूसरे कार्यकलाप भी जरूरी हैं। अगर 5 वर्ष आपने मेहनत की तो आपके आगे के 50 वर्ष सुखी होंगे और जो यह 5 वर्ष मेहनत नहीं करेंगे, जीवन में उनको संघर्ष ज्यादा रहेगा। आपकी मेहनत ही आपके भविष्य को सुरक्षित कर सकती है। अग्रवाल बॉयज जूनियर कॉलेज के करेस्पॉन्डेंट ने अपने संदेश में कहा कि कक्षा में हम पढ़ना सीखते हैं।
पढ़ाई के साथ-साथ दूसरे कार्यकलाप सीखना भी जरूरी है, जो आपके भविष्य निर्माण के लिए सहयोगी हैं। वास्तविक शिक्षा जीवन के अनुभवों से प्राप्त होती है। प्रभारी प्राचार्या अमतुल हबीबा ने सभी का स्वागत किया। कॉलेज की व्याख्याता रितु बत्रा ने मुख्य वक्ता का परिचय दिया। मंचासीन गणमान्यों द्वारा मुख्य वक्ता को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राखी अग्रवाल ने किया। आभार प्रदर्शन नेहा नवगीर ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। सभागार में समिति की सी ओ. आराधना मोदानी, संयुक्त निदेशक डॉ. राजेश अग्रवाल, अन्य संस्थाओं के प्राचार्य, शिक्षक गण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



