ओयू ने की कर्मचारियों के डीए में बढ़ोत्तरी की घोषणा
हैदराबाद, उस्मानिया विश्वविद्यालय द्वारा संक्रांति तोहफे के रूप में सभी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी करने की घोषणा की गई है। प्रभावी संशोधित दरें 1 जुलाई 2023 से लागू होंगी।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कर्मचारियों के हितों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उस्मानिया विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने सभी शिक्षण तथा गैर शिक्षण कर्मचारियों सहित टाइम-स्केल और वर्कचार्ज कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) में संशोधन के आदेश आधिकारिक तौर पर जारी कर दिए हैं। यह फैसला तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की हालिया घोषणा के बाद लिया गया है, जिसमें उन्होंने राज्यभर के सभी सरकारी कर्मचारियों को संक्रांति का उपहार दिया है।
इसी कड़ी में उस्मानिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कुमार मोलुगरम ने पुष्टि की है कि विश्वविद्यालय ने यह सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कदम उठाए हैं कि यह लाभकर्मचारियों तक बिना किसी देरी के पहुंचे। 1 जुलाई, 2023 से प्रभावी संशोधित दरों में विभिन्न वेतनमानों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके तहत शैक्षणिक कर्मचारियों (यूजीसी 2016 स्केल) के डीए में 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। शैक्षणिक कर्मचारियों (यूजीसी 2006 स्केल) के डीए में 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। गैर-शैक्षणिक स्टाफ (आरपीएस 2020) के डीए में 3.6 प्रतिशत तथा (आरपीएस 2015) के डीए में 4.7 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
बकाया राशि कर्मचारियों के खाते में जमा
जारी जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों को जनवरी 2026 के वेतन से बढ़ी हुई डीए दरें मिलेंगी, जिसका भुगतान 1 फरवरी को किया जाएगा। बकाया राशि (जुलाई 2023-दिसंबर 2025) संबंधित कर्मचारियों के जनरल प्रोविडेंट फंड खातों में जमा की जाएगी। जो लोग 30 अप्रैल, 2026 को या उससे पहले सेवानिवृत हो रहे हैं और टाइम स्केल कर्मचारियों के लिए जो जनरल प्रोविडेंट फंड के लिए अर्ह नहीं हैं, उन्हें बकाया 30 बराबर मासिक किश्तों में दिया जाएगा। किसी कर्मचारी की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु होने पर कानूनी वारिसों को बकाया एकमुश्त भुगतान किया जाएगा।
यह भी पढ़े: उस्मानिया विश्वविद्यालय में स्थापना दिवस वॉक आयोजित
प्रो. कुमार मोलुगाराम ने इस संदर्भमें बताया कि यह संशोधन विश्वविद्यालय की अपने कर्मचारियों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हम राज्य सरकार के सक्रिय नेतृत्व के लिए आभारी हैं और हमें अपने विश्वविद्यालय परिवार को यह लाभ प्रदान करते हुए खुशी हो रही है। अतिरिक्त व्यय विश्वविद्यालय निधि और संबंधित यूजीसी अथवा एजेंसी योजनाओं के माध्यम से पूरा किया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



