भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में पीएम मोदी का भव्य स्वागत

मलेशिया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे हैं। राजधानी कुआलालंपुर में पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ आज कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का यूपीआई शीघ्र ही मलेशिया में आएगा। इसके साथ ही पीएम मोदी ने नए कॉन्सुलेट खोलने के बाद करते हुए भारत और मलेशिया के बीच संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया।

PM मोदी ने भारतीय समुदाय से कही ये बात

पीएम शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच साझा मूल्य और मजबूत रिश्ते दोनों देशों को और करीब ला रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहे हैं। कुआलालंपुर में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद पीएम मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम एक बड़े प्रवासी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक ही कार में साथ गए।

‘सेलामत दातंग मोदी जी’ नाम के इस स्वागत समारोह में मलेशिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। यह कार्यक्रम भारत और मलेशिया के बीच गहरे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को भी दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश आपसी सहयोग को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे।

कार्यक्रम को अंग्रेजी में संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि मलेशिया में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा भारतीय मूल का समुदाय रहता है। उन्होंने कहा कि कई चीजें भारत और मलेशिया के लोगों को दिल से जोड़ती हैं। पीएम मोदी ने कहा, “आप लोग एक जीवित पुल की तरह हैं, जो दोनों देशों को जोड़ता है। आपने रोटी कनाई को मालाबार परोटा से जोड़ा है। नारियल, मसाले और तेह तारिक जैसे स्वाद हमें अपने जैसे लगते हैं, चाहे हम कुआलालंपुर में हों या कोच्चि में।”

भव्य स्वागत के लिए दिया धन्यवाद

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को इस कार्यक्रम में शामिल होने और गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए धन्यवाद दिया। मोदी ने कहा कि उनके साथ एक ही कार में बैठकर कार्यक्रम में जाना भारतीयों के प्रति उनके प्यार और सम्मान को दिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अनवर इब्राहिम से उनकी दोस्ती उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले की है। पीएम मोदी ने कहा कि वह मलेशिया में सुधारों पर उनके ध्यान और प्रयासों की सराहना करते हैं।

एक हल्के-फुल्के अंदाज़ में नरेंद्र मोदी ने कहा कि मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम अच्छे गायक भी हैं। उन्होंने हाल ही में वायरल हुए उस वीडियो का ज़िक्र किया, जिसमें इब्राहिम एक पुराना भारतीय गाना गाते नजर आए थे। पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा, “यह जानकर अच्छा लगता है कि उन्हें महान अभिनेता एम.जी. रामचंद्रन (एमजीआर) के तमिल गाने भी पसंद हैं।”

“यह साल 2026 की मेरी पहली विदेश यात्रा है। इन त्योहारों के समय आपके बीच आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मुझे उम्मीद है कि आप सभी ने संक्रांति, पोंगल और थाईपुसम जैसे त्योहार खुशी और उत्साह के साथ मनाए होंगे।” प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के साथ अपने जुड़ाव को खास बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।

भारत विकास का भरोसेमंद साझेदार है: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत को ‘‘विकास के लिए एक भरोसेमंद साझेदार’’ के रूप में देखा जाता है और यह बात ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ समेत विभिन्न देशों के साथ हाल में हुए व्यापार समझौतों में परिलक्षित होती है। मोदी ने यहां भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय प्रवासी भारत और मलेशिया के बीच एक मजबूत सेतु का काम करते हैं।

विभिन्न देशों के साथ भारत द्वारा किए गए व्यापार समझौतों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को ‘‘विकास के लिए एक भरोसेमंद भागीदार’’ के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, ओमान, यूरोपीय संघ और अमेरिका के भारत के साथ व्यापारिक समझौते हुए हैं और विश्वास भारत की सबसे मजबूत मुद्रा बन गया है।

मोदी ने कहा, ‘‘हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं, इसका कारण हमारी भाषाओं और मलय भाषा में बड़ी संख्या में मौजूद समान शब्द ही होंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कुआलालंपुर में भारतीय प्रवासियों के स्नेह के लिए मैं आभारी हूं। हमारा प्रवासी समुदाय भारत और मलेशिया के बीच एक मजबूत सेतु का काम करता आ रहा है।’’

मोदी ने कहा कि उन्हें मलेशिया में आकर बहुत खुशी हो रही है, जो 2026 में उनकी पहली विदेश यात्रा है। उन्होंने कहा, ‘‘मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और मैं उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले से ही दोस्त हैं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि मलेशिया में रहने वाले तमिल प्रवासी विभिन्न क्षेत्रों में समाज की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘दरअसल, तमिल प्रवासी यहां कई सदियों से रह रहे हैं। इस इतिहास से प्रेरित होकर, हमें मलय विश्वविद्यालय में ‘तिरुवल्लुवर चेयर’ की स्थापना करने पर गर्व है। अब हम अपनी साझा विरासत को और मजबूत करने के लिए एक तिरुवल्लुवर केंद्र स्थापित करेंगे।’’

मलेशिया में 500 से अधिक स्कूल बच्चों को भारतीय भाषाओं में पढ़ाते

मोदी ने कहा कि विश्व में भारतीय मूल के लोगों का दूसरा सबसे बड़ा समुदाय मलेशिया में है और भारतीय और मलेशियाई लोगों के दिलों को जोड़ने वाली कई बातें हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने हाल में अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान 1.4 अरब भारतीयों के साथ साझा किया था कि मलेशिया में 500 से अधिक स्कूल बच्चों को भारतीय भाषाओं में पढ़ाते हैं।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘भारत की सफलता मलेशिया की सफलता है और यह एशिया की सफलता है’’।

मोदी ने कहा, ‘‘इसीलिए मैं कहता हूं कि हमारे संबंधों का मार्गदर्शक शब्द ‘इम्पैक्ट’ है। ‘इम्पैक्ट’ का अर्थ है सामूहिक परिवर्तन को आगे बढ़ाने के लिए भारत-मलेशिया साझेदारी।’’ मोदी ने भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों से भारत की यात्रा करने और भारत का अनुभव करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘आपको अपने मलय मित्रों को भी साथ लाना होगा। क्योंकि लोगों के बीच संपर्क ही हमारी मित्रता की आधारशिला है।’’

इससे पहले मोदी और अनवर इब्राहिम का कार्यक्रम में जबरदस्त स्वागत किया गया। कार्यक्रम में 800 से अधिक प्रतिभागियों ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इन नर्तकों ने भरतनाट्यम, कथक, कथकली, कुचिपुड़ी, लावणी और ओडिसी समेत भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्यों का प्रदर्शन किया।

मोदी और इब्राहिम एक ही कार में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। मोदी ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी, मोदी’ के नारों के बीच मंच पर पहुंचे। यह घोषणा की गई कि भारतीय नृत्य प्रदर्शन में सबसे अधिक कलाकारों के भाग लेने के लिए इस नृत्य प्रदर्शन ने मलेशियाई रिकॉर्ड पुस्तिका में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इब्राहिम ने इस मौके पर कहा, ‘‘भारत से एक अच्छे मित्र के मलेशिया में हमारे साथ शामिल होने से मैं व्यक्तिगत रूप से उत्साहित हूं।’’ उन्होंने दोनों देशों के बीच प्राचीन संबंधों को याद किया।

15 लाख से अधिक भारतीय पर्यटक मलेशिया आए

इब्राहिम ने कहा, ‘‘भारत, मलेशिया के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में से एक है। हमारे बीच न केवल वस्तुओं का आदान-प्रदान होता है, बल्कि 2025 में 15 लाख से अधिक भारतीय पर्यटक मलेशिया आए थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे मोदी जी और भारत का मित्र होने पर गर्व है।’’ मोदी शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे, जहां उनकी अगवानी इब्राहिम ने की।(भाषा)

यह भी पढ़ेनामपल्ली में भीषण अग्निकांड, दो बच्चों के फँसे होने की आशंका

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button