ईडी की कार्रवाई : प्रतीक जैन के परिवार को पूछताछ के लिए तलब
नयी दिल्ली, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजनीतिक परामर्शदाता फर्म ‘आई-पैक’ के सह-संस्थापक एवं निदेशक प्रतीक जैन की पत्नी और भाई को कथित हवाला लेन-देन से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है। अधिकारियों ने जानकारी दी।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि बार्बी जैन और पुलकित जैन से बुधवार को यहां केंद्रीय जांच एजेंसी के मुख्यालय में उसके अधिकारियों के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि बार्बी और पुलकित से धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत पूछताछ की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों (बार्बी और पुलकित) के व्यापारिक संबंध ईडी की जांच के दायरे में हैं। हालांकि, उन्होंने कोई अन्य जानकारी साझा नहीं की।
‘आई-पैक’ पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को भी राजनीतिक परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराती है। ईडी ने सोमवार को ‘आई-पैक’ के एक अन्य सह-संस्थापक एवं निदेशक विनेश चंदेल को अपनी जांच के तहत गिरफ्तार किया, जिसका “संबंध” पश्चिम बंगाल में कथित कोयला घोटाले से जुड़े मामले से भी बताया जा रहा है।
हवाला लेनदेन से जुड़े धन शोधन मामले में ईडी ने प्रतीक जैन को भी तलब किया था। दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर केंद्रीय एजेंसी ने 28 मार्च को आपराधिक मामला दर्ज किया था। प्रतीक ने उन्हें जारी समन के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया है। ईडी ने जनवरी में प्रतीक के आवास और कोलकाता स्थित ‘आई-पैक’ कार्यालय पर छापा मारा था। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



