होटल व्यापारी के परिवार को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले निजी फाइनांसर धरे गये
हैदराबाद, अंबरपेट पुलिस ने होटल व्यापारी को सामूहिक रूप से आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले चार निजी फाइनांसरों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्होंने अवैध रूप में भारी भरकम ब्याज पर 57 लाख रुपये का कर्ज देकर उनकी भू संपत्ति हथियाने के लिए उनके पास से हस्ताक्षर युक्त उनके बैंक चेक, भू संपत्ति के वास्तविक दस्तावेज, प्रामिसरी नोट अपने पास रखते हुए दिये गये कर्ज के संबंध में एमओयू कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
निजी फाइनांसरों की प्रताड़ना के कारण ही निराश होकर बापूनगर कॉलोनी अंबरपेट निवासी किंग्स बिरयानी होटल के मालिक कड़गेकर राम राज (54), उनकी पत्नी माधवी (50) और पुत्र कड़गेकर शशांक राज (24) ने सामूहिक रूप से गत 24 फरवरी को आत्महत्या कर ली थी। यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिकंदराबाद जोन की पुलिस उपायुक्त रक्षिता कृष्णमूर्ति व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जे. नरसय्या ने कहा कि राम राज की पुत्री कड़गेकर अमुल्या की शिकायत पर अंबरपेट पुलिस इंस्पेक्टर किरण कुमार ने एसीपी जी. जगन के नेतृत्व में इस मामले की छानबीन कर चार निजी फाइनांसरों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किये गये फाइनांसरों में जवाहर नगर मौलाली निवासी रियल एस्टेट व स्क्रैप व्यापारी मोहम्मद वासी उज जमान उर्फ इरफान (57), वेंकटेश्वर नगर कॉलोनी, मौलाली निवासी कंस्ट्रक्शन व्यापारी पी. राजशेखर रेड्डी ( 55), सुधा नगर कॉलोनी, ओल्ड सफीलगुड़ा निवासी मोहम्मद नवाज (50) और सादुल्लाह नगर, मौलाली निवासी पेशे से सैयद माजिद हैदर (53) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे राम राज ने मल्लापुर और चक्रीपुरम में किंग्स बिरयानी के नाम से होटल संचालित करने के लिए चार निजी फाइनांसरों से 57 लाख रुपये का कर्ज लिया था।
यह भी पढ़ें… साइबराबाद की ट्रैफिक पुलिस ने 281 वाहनों चालकों पर दर्ज किए मामले
परिवार को लगातार फोन और घर में प्रताड़ना का शिकार बनाया
चारों फाइनांसर दिये गये कर्ज के लिए भारी भरकम ब्याज वसूलने के अलावा राम राज की गांधीमाल ग्राम, यादाद्रीगुट्टा स्थित 3 एकड़ कृषि भूमि हथियाने के लिए उसके साथ समझौता किया। इसके बाद से चारों फाइनांसर राम राज के परिवार को प्रतिदिन फोन कर प्रताड़ित करने के अलावा उनके घर आकर सरेआम उन्हें गाली गलौज कर प्रताड़ित कर रहे थे। इन चारों की प्रताड़ना से निराश होकर राम राज और उसके परिवार ने गत 24 फरवरी के तड़के तीन बजे सुसाइड नोट लिखने के बाद सामूहिक रूप से आत्महत्या कर ली।
राम राज और उसके लड़के के शव हाल में सीलिंग फैन से फाँसी पर लटकते हुए पाए गए और माधवी का शव कमरे के भीतर पलंग पर पाया गया। पुलिस ने प्रारम्भ में बीएनएस की धारा 194 के तहत संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज कर छानबीन प्रारम्भ की और मृतक परिवार के सेल फोन की सीडीआर की छानबीन कर आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाए गये। ठोस सबूतों के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 12 ब्लैंक चेक, 6 खाली प्रामेसरी नोट, 3 एमओयू दस्तावेज, 1 मार्टगेज कम लोन एग्रीमेंट, कृषि भूमि के वास्तविक दस्तावेज, बांड पेपर और सेल फोन जब्त किये गये। चारों आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



