गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना नैतिक जिम्मेदारी : हरिचंदना दासरी
हैदराबाद, हैदराबाद जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी ने मंगलवार को कहा कि जन-स्वास्थ्य रक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके अलावा लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना नैतिक जिम्मेदारी है।
फेडरेशन ऑफ तेलंगाना चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफटीसीसीआई) द्वारा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के सहयोग से स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण और प्रमाणन कार्यक्रम का आयोजन रेड हिल्स स्थित फेडरेशन हाउस में किया गया। अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में हरिचंदना दासरी ने भाग लेते हुए कहा कि खाद्य उद्योग से जुड़े सभी लोगों को नैतिकता व सामाजिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की सलाह दी।
अन्नं परब्रह्म स्वरूपं की अवधारणा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भोजन के प्रति आदर का भाव रखना चाहिए। साथ ही उपभोक्ताओं को परिवार के सदस्यों की तरह मानते हुए भोजन को समान गुणवत्ता स्तर के साथ तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के स्वच्छता व गुणवत्ता मानकों का पालन किया जाना चाहिए, जिसमें दस्ताने, कैप, एप्रन, स्वच्छ पानी तथा संबंधित उत्पादों के प्रयोग के साथ बची हुई भोजन सामग्री और खाना पकाने के तेल का पुन: उपयोग न करना आदि शामिल है।
यह भी पढ़ें… राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला ने किया तेलुगु तल्ली प्रतिमा का अनावरण
सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन खरीदने की सलाह
हरिचंदना दासरी ने अपने संबोधन में मिलावटी खाद्य पदार्थों से कई बीमारियों के फैलने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कृत्रिम रंगों और हानिकारक पदार्थों का उपयोग स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने लोगों को विश्वसनीय स्रोतों से गुणवत्तापूर्ण भोजन तथा अन्य खाद्य पदार्थ आदि खरीदने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन न करने पर कार्रवाई की जाएगी है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारीकरण (पीएमएफएमई) योजना के तहत स्ट्रीट फूड व्यवसायों के लिए वर्तमान में कई महत्वपूर्ण ऋण और सब्सिडी योजनाएँ संचालित कर रही है, जिनका लाभ उठाकर व्यवसाय को विकसित किया जा सकता है।
अवसर पर एफएसएसएआई व फास्ट्रैक के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता मानकों तथा विनियमों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। केएफसी इंडिया के सहयोग से प्रायोजित इस कार्यक्रम में एफटीसीसीआई के उपाध्यक्ष श्रीनिवास गेरिमेला, एफएसएसएआई के क्षेत्रीय निदेशक बालू नायक, तेलंगाना खाद्य सुरक्षा विभाग के पूर्व उप-निदेशक विजय कुमार तथा स्ट्रीट वेंडर्स सहित लगभग पाँच सौ लोगों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





