रेलवे बोर्ड ने किया अखिल रेल हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन
हैदराबाद, रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) के तत्वावधान में अखिल रेल हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2025 का आयोजन सिकंदराबाद स्थित भारतीय रेलवे वित्तीय प्रबंधन संस्थान में किया गया। यहाँ दमरे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रेलवे बोर्ड की अतिरिक्त सदस्य (मानव संसाधन) वी.जी. भूमा मुख्य अतिथि के रूप में और राजभाषा निदेशक डॉ. वी. सुगुणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानिदेशक/आईआरआईएफएम अपर्णा गर्ग और अतिरिक्त महानिदेशक/आईआरआईएफएम सिर्रा शांति राजू ने की। अवसर पर दमरे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ काटी, मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन)/दमरे जी.आर.एस. राव और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।




सिकंदराबाद स्थित आईआरआईएफएम में आयोजित हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विभिन्न जोन और उत्पादन इकाइयों का प्रतिनिधित्व करने वाली 28 टीमों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता भारतीय रेलवे में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच राजभाषा (हिन्दी) के प्रति रुचि जगाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
यह भी पढ़ें… आई एंड पीआर वेबसाइट का उद्घाटन किया पोंगुलेटी श्रीनिवास ने
गैर-हिन्दी क्षेत्र में हिन्दी प्रचार को बढ़ावा देने की पहल
यह उल्लेखनीय है कि सी क्षेत्र में स्थित सिकंदराबाद को इस प्रतियोगिता के लिए चुना गया है, ताकि गैर-हिन्दी भाषी क्षेत्रों में स्थित रेलवे कार्यालयों में हिन्दी के उपयोग व प्रचार को और अधिक प्रोत्साहित किया जा सके। सभी जोन और इकाइयों से 28 टीमों, जिनमें 120 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे, ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
रेलवे बोर्ड की अतिरिक्त सदस्य (मानव संसाधन) वी.जी. भूमा ने अखिल रेल हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2025 के प्रतिभागियों की सराहना करते हुए इसे प्रश्नोत्तरी प्रारूप के माध्यम से हिन्दी को बढ़ावा देने की अनूठी पहल बताया और राजभाषा के कार्यान्वयन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
अखिल रेल हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2025 का समापन छह फाइनलिस्ट टीमों के शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने प्रथम पुरस्कार जीता, जबकि नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे और ईस्ट कोस्ट रेलवे क्रमश दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। बनारस लोकोमोटिव वर्क्स और वेस्ट सेंट्रल रेलवे को सांत्वना पुरस्कार मिले, जो भारतीय रेलवे में हिन्दी भाषा की उत्कृष्टता का गौरवपूर्ण उदाहरण है। अपर्णा गर्ग ने आईआरआईएफएम द्वारा पहली बार अखिल रेल हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2025 की मेजबानी करने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिभागी लगभग 30 टीमों ने राजभाषा के प्रति मजबूत उत्साह दिखाया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



