तेलंगाना में एक हफ़्ते तक बारिश का अनुमान

हैदराबाद, कड़कती गर्मी के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), हैदराबाद ने बेमौसम बारिश की संभावना जताई है। विभाग द्वारा सोमवार शाम को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, तेलंगाना के कई ज़िलों में बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ बारिश का दौर एक और हफ़्ते तक जारी रहने की उम्मीद है।
विभाग ने बताया कि तेज़ बारिश के असर से शाम का तापमान एक या दो डिग्री तक गिर सकता है। हालाँकि 20 से ज़्यादा ज़िलों में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। विभाग ने मंगलवार के लिए भद्राद्री कोत्तागुडेम, खम्मम, महबूबाबाद, संगारेड्डी और कामारेड्डी ज़िलों में 40 से 50 किमी/घंटे की रफ़्तार से चलने वाली तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट (ऑरेंज अलर्ट) जारी किया है।
गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी
विभाग का कहना है कि तेलंगाना में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की बहुत ज़्यादा संभावना है। बिजली कड़कने और 40 से 50 किमी/घंटे की रफ़्तार से चलने वाली तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है।
इस हफ़्ते के लिए तूफ़ान और बिजली कड़कने का पीला (मध्यम तीव्रता) अलर्ट अगले तीन से चार दिनों के लिए कई ज़िलों के लिए जारी किया गया है, जिनमें आदिलाबाद, भद्राद्री कोत्तागुडेम, हनमकोंडा, हैदराबाद, जनगाँव, जोगुलाम्बा गदवाल, कामारेड्डी, खम्मम, कोमरम भीम आसिफाबाद, महबूबाबाद, महबूबनगर, मंचिरियाल, मेदक, मेडचल-मलकाजगिरी, नागरकर्नूल, नलगोंडा, नारायणपेट, निर्मल, निज़ामाबाद, रंगारेड्डी, संगारेड्डी, सिद्दीपेट, सूर्यापेट, विकाराबाद, वनपर्ती, वरंगल और यादद्री भुवनगिरी शामिल हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






