राजस्थान में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान
जयपुर, राजस्थान में मौसम की सक्रियता के चलते राज्य के कई हिस्सों में सोमवार को हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेताया है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले दो से तीन दिन तक बना रह सकता है, जिससे दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश और ओले पड़ने की संभावना है, जबकि राज्य के कुछ भागों में घना कोहरा छा सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में कई जगह बारिश हुई है और मौसम विभाग के अनुसार अभी यह दौर जारी रहेगा और इस दौरान कहीं कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार सोमवार सुबह तक के 24 घंटों में राज्य के दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश भैंसरोडगढ़, चित्तौड़गढ़ में हुई, जो 13 मिलीमीटर दर्ज की गई।
इस दौरान अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान पाली में 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश आगामी दो से तीन दिन जारी रहने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
इस दौरान कोटा, उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। राज्य के उत्तर-पश्चिमी व पूर्वी भागों में आगामी दो-तीन दिन कहीं-कहीं घना कोहरा भी छाने की संभावना है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



