राजस्थान : पांच रुपए का नोट 48 लाख में बेचने का झांसा, 3.66 लाख की ठगी

जयपुर, अजमेर में साइबर ठगों ने एक शिक्षिका से 3.66 लाख रुपए की ठगी की। साइबर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक शमशेर खान ने बताया कि निजी विद्यालय की एक शिक्षिका ने फेसबुक पर ट्रैक्टर की तस्वीर वाले पांच रुपए के नोट को 48 लाख रुपए में बेचने का विज्ञापन देखा था। उन्होंने बताया कि पीड़िता के पास ट्रैक्टर वाला पांच रुपए का नोट था। उसने विज्ञापन पर दिए गए मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजा। शमशेर ने बताया कि ठगों ने पीड़िता से नोट की फोटो मांगी। संतुष्ट होने के बाद ठगों ने सबसे पहले प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर 520 रुपए मांगे।
पीड़िता से ठगों ने जीएसटी, वाहन शुल्क, खाने पीने तथा अन्य कई प्रकार के शुल्क मांगते हुए तीन लाख 66 हजार रुपए हड़प लिए। राशि अलग अलग खातों में ली गई। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि गुरुद्वारे के सामने शास्त्रीनगर अजमेर में रहने वाली मृदुला शर्मा पत्नी घनश्याम शर्मा ने साइबर ठगी की शिकायत दी। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच हेड कॉन्स्टेबल महिपाल सिंह चारण को सौंपी गई है। (भाषा)
यह भी पढे़: ऑनलाइन ठगी का शिकार होने से बचें बुजुर्ग
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



