राजस्थान : यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 20 नामांकन, सदस्यता तेज

जयपुर, भारतीय युवा कांग्रेस के आगामी संगठनात्मक चुनाव के लिए सदस्यता अभियान जोर शोर से जारी है और राज्य में संगठन के शुल्क अदा कर बने कुल सदस्यों का आंकड़ा 5.81 लाख से अधिक हो गया है। संगठन के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, राज्य में भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 20 लोगों ने नामांकन दाखिल किए हैं। वहीं प्रदेश महासचिव पद के लिए 118 उम्मीदवार मैदान में है। भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के लिए प्रदेश रिटर्निंग अधिकारी ठाकुर सिंह बिष्ट ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के लिए राजस्थान में सदस्यता अभियान 21 अप्रैल से शुरू हुआ।

18-35 आयु वर्ग के युवा ले सकते हैं सदस्यता, 3 साल वैधता

इसके तहत कुल नामांकित सदस्यों की संख्या 9,99,076 हो गई है। इसमें से 5,83,227 ने सदस्यता शुल्क का भुगतान कर दिया है जबकि 4,15,849 का शुल्क अभी बकाया है। प्रति सदस्य शुल्क 75 रुपए है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान 20 मई 2026 तक चलेगा और सदस्यता शुल्क चुकाने के लिए एक दिन का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदस्यता शुल्क चुकाए जाने के बाद, दस्तावेज आदि की जांच के बाद ही राज्य में यूथ कांग्रेस के सदस्यों की संख्या का अंतिम आंकड़ा सामने आएगा।

यह भी पढे़: कांग्रेस ने संदीप दीक्षित को बनाया ‘रचनात्मक कांग्रेस’ का अध्यक्ष

बिष्ट ने बताया कि 18 से लेकर 35 साल का युवा, युवा कांग्रेस की सदस्यता ले सकता है। एक बार भुगतान किए जाने पर सदस्यता तीन साल के लिए या प्रार्थी की आयु 35 साल की होने तक वैध रहती है। संगठन के पदाधिकारियों के चुनाव में यह सदस्य भाग लेते हैं। राज्य में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 20 नामांकन पत्र आए हैं जिनमें से दो नामांकन अभी समीक्षाधीन हैं। इस पद की दौड़ में शामिल प्रमुख नामों में निशा खींचड़, अनिल चौपड़ा, भगवती मीन, अभिषेक चौधरी व राजकुमार परसवाल शामिल हैं। प्रदेश महासचिव पद के लिए 118 उम्मीदवार मैदान में है। इसके अलावा जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव सहित चार और पदों के लिए चुनाव होना है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button