आंध्र में खुलेगा रिलायंस का AI डेटा सेंटर, सौर ऊर्जा परियोजना पर भी नज़र
विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) राज्य में एक गीगावाट का ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटर’ स्थापित करेगी।
नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रस्तावित एआई डेटा सेंटर को स्थायी रूप से बिजली प्रदान करने के लिए रिलायंस राज्य में छह गीगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना भी विकसित करेगी। यह आंध्र प्रदेश की वर्तमान भू-स्थित सौर ऊर्जा क्षमता को दोगुना कर देगा, नवीकरणीय ऊर्जा में 30 प्रतिशत से अधिक का योगदान देगा तथा आंध्र प्रदेश की विशाल सौर क्षमता को दर्शाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ रिलायंस राज्य में एक गीगावाट का ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटर’ स्थापित करेगी। यह पूरी तरह से मॉड्यूलर, भविष्य के लिए तैयार सुविधा है जिसे दुनिया के सबसे उन्नत जीपीयू, टीपीयू और एआई ‘प्रोसेसर’ को संभालने के हिसाब से तैयार किया जाएगा। यह जामनगर में उनके गीगावाट-स्केल एआई डेटा सेंटर के ‘जुड़वा’ (ट्विन) के रूप में काम करेगा जो एशिया के सबसे मजबूत ‘एआई इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क’ में से एक का निर्माण करेगा।’’
इसके अलावा रिलायंस, रायलसीमा में एक ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड फूड पार्क का निर्माण करेगी जो एक विश्व स्तरीय स्वचालित सुविधा है। इससे हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष नौकरियां उत्पन्न होंगी और हजारों परिवारों के लिए निरंतर आय के अवसर मिलेंगे।नायडू ने कहा, ‘‘ इन ऐतिहासिक घोषणाओं के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी को हार्दिक धन्यवाद। यह आंध्र प्रदेश की नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा नेतृत्व एवं समावेशी विकास की यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है।’’
इससे पहले विशाखापत्तनम में ‘30वें सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कृषि से लेकर हरित ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, क्वांटम कंप्यूटिंग और कई अन्य क्षेत्रों में व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। नायडू ने कहा, ‘‘ बहुत सारे अवसर हैं। आपके पास संसाधन, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी जानकारी है। आइए, और हमारे साथ मिलकर काम कीजिए।’’ उन्होंने कहा कि राज्य कृषि, बागवानी, दुग्ध, कॉफी, मसालों और कई अन्य क्षेत्रों में मजबूत स्थिति में है।
अदाणी समूह अगले दशक में आंध्र प्रदेश में एक लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगा: करण अदाणी
करण अदाणी ने आंध्र प्रदेश निवेशक शिखर सम्मेलन में शुक्रवार को कहा कि यह निवेश बंदरगाहों, सीमेंट, डेटा केंद्रों, ऊर्जा और उन्नत विनिर्माण क्षेत्र में किया जाएगा। यह पहले से निवेश किए गए 40,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त है।
उद्योगपति गौतम अदाणी के सबसे बड़े बेटे करण अदाणी ने समूह के 15 अरब अमेरिकी डॉलर के ‘विजाग टेक पार्क’ दृष्टिकोण का भी अनावरण किया। इसमें अमेरिकी कंपनी गूगल के साथ साझेदारी में दुनिया के सबसे बड़े हरित-संचालित ‘हाइपरस्केल डेटा-सेंटर इकोसिस्टम’ में से एक का निर्माण शामिल है।
करण अदाणी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में अदाणी समूह के मौजूदा परिचालनों ने पहले ही एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष नौकरियां उत्पन्न की हैं। आगामी परियोजनाओं के माध्यम से और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की योजना हैI (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



