राज्य में बचे हुए माओवादी भी करें आत्मसमर्पण : शिवधर रेड्डी
हैदराबाद, तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी ने राज्य में बचे हुए माओवादियों से आत्मसमर्पण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सीपीआई (माओवादी) के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं से समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर शांतिपूर्ण व सम्मानजनक जीवन जीने की अपील की है, जो अभी भी छिपे हुए हैं।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस महानिदेशक ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के पुनर्वास के लिए सरकार तैयार है। उन्होंने राज्य के बचे हुए 15 कैडर समेत सभी स्तर के माओवादियों से सरकार की पुनर्वास की नीति के तहत आत्मसमर्पण करने को कहा। डीजीपी ने बताया कि पिछले दो वर्षों में तेलंगाना पुलिस की लगातार कोशिशों की वजह से अलग-अलग स्तर के 588 माओवादी नेता और कार्यकर्ता सामान्य जीवन में लौट आए हैं।
यह भी पढ़ें… फार्मूला ई रेस मामले में आईएएस अधिकारी पर केस चलाने की मंज़ूरी
इन सभी को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, नौकरी के मौके और सुरक्षा की गारंटी जैसे फायदे मिले हैं। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी परिवार के साथ अपने गांवों में सुरक्षित रह रहे हैं। सरकार की पुनर्वास नीति के से प्रभावित होकर दूसरे राज्यों के गुमनाम माओवादी भी तेलंगाना पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर रहे हैं। शिवधर ने स्पष्ट किया कि बदलते समय में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। समाज का विकास शांतिपूर्ण और अच्छे समाधानों से ही संभव है। उन्होंने माओवादी नेताओं से अपील की कि वे अपने परिवार से मिलें तथा राज्य के विकास और तरक्की में योगदान दें। सरकार उन्हें मदद, सुरक्षा उपाय और रिहैबिलिटेशन पैकेज देने के लिए तैयार है, जो मुख्यधारा में आना चाहते हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



