भारी बारिश से सतर्क रहने को कहा रेवंत रेड्डी ने
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मौसम विभाग द्वारा अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने की चेतावनी दिये जाने के मद्देनजर सभी विभागों को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी बारिश की संभावना है और इसलिए अधिकारियों को चौबीस घंटे सतर्क रहना होगा। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों को हाई अलर्ट पर रहने के आदेश देते हुए कहा कि समय-समय पर स्थिति की समीक्षा की जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
जरूरत के अनुसार पुनर्वास केंद्रों की स्थापना की जाए। उन्होंने आदेश दिया कि सभी काज-वे की जाँच की जाए और उन क्षेत्रों की पहचान की जाए, जहाँ सड़कों पर बाढ़ के पानी बहाव होने की संभावना है। वहाँ पर यातायात को पहले ही रोक दिया जाए। उन्होंने बिजली विभाग को विशेष सावधानी बरतने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने को कहा।
यह भी पढ़ें… मंत्री पोन्नम और विवेक वेंकट स्वामी ने किया यूसुफगुड़ा व जुबली हिल्स का दौरा
रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को लटकते तारों को हटाने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि किसी की जान न जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दशहरे की छुट्टियों के बावजूद शैक्षणिक संस्थानों को बारिश के प्रति सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे बारिश के दौरान केवल आवश्यक होने पर ही सड़कों पर निकलें और अन्यथा घर पर ही रहें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



