रेवंत रेड्डी ने गांधी सरोवर परियोजना के लिए सौ एकड़ रक्षा भूमि मांगी
हैदराबाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अपने दिल्ली दौरे के अंतर्गत मूसी पुनरुद्धार, रेल मार्गों की मंजूरी, हवाई अड्डों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने आदि लक्ष्यों को लेकर संबंधित केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। सीएम ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और नागरिक उड्डयन मंत्री राम्मोहन नायडू से भी मिले। उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से इन परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी, निधियों का आवंटन और भूमि के आवंटन का आग्रह किया और राज्य सरकार की ओर से दिये जाने वाले समर्थन व भू आवंटनों की जानकारी दी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ भेंट के दौरान रेवंत रेड्डी ने उन्हें ईसा मूसी नदी संगम स्थल पर गांधी सरोवर परियोजना के शिलान्यास समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को विश्व स्तरीय शैक्षिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यावरण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का भूमि पूजन चालू मासांत में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मूसी नदी में स्वच्छ पानी बहने के लिए पुनरुद्धार परियोजना को शहरी विकास के सतत लक्ष्यों तथा पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा रहा है।
बापू घाट पर महात्मा गांधी की अस्थियाँ विसर्जित की गईं
रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि इस परियोजना के लिए आवश्यक सौ एकड़ रक्षा भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित की जाए। उन्होंने बताया कि गांधी सरोवर परियोजना का निर्माण बापू घाट पर किया जा रहा है, जहां वर्ष 1948 में महात्मा गांधी की अस्थियाँ विसर्जित की गयी थी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में शांति प्रतीक, राष्ट्रीय संग्रहालय, विज्ञान केंद्र और हथकरघा प्रोत्साहन केंद्र की स्थापना भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से कृष्णा विकाराबाद रेल मार्ग का निर्माण शत प्रतिशत केंद्रीय निधियों से करने का आग्रह किया। उन्होंने आज केंद्रीय मंत्री से भेंट के दौरान कहा कि इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की पूरी लागत राज्य सरकार वहन करेगी और यह बात पहले ही केंद्र सरकार को बता दी गयी है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर टेकलकोड में चूने के पत्थर के भंडार की पहचान की गयी है।
हैदराबाद-चेन्नई, बेंगुलूर, पुणे हाई स्पीड रेल मार्ग योजना
इस क्षेत्र को सीमेंट और कपड़ा उद्योग के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि कोडंगल, टेकलकोड और दौलताबाद को औद्योगिक क्षेत्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हैदराबाद-चेन्नई, हैदराबाद-बेंगुलूर, हैदराबाद-पुणे हाई स्पीड रेल कॉरिडोरों के लिए शमशाबाद हवाई अड्डा के पास 500 एकड़ भूमि राज्य सरकार आवंटित करेगी। उन्होंने सुझाव दिया कि शमशाबाद से ही हाई स्पीड रेल मार्गों की शुरुआत की जानी चाहिए, जहां पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है।
रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद-चेन्नई हाई स्पीड कॉरिडोर आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती से होते हुए जाने की बात का उल्लेख किया और केंद्रीय मंत्री से अमरावती से मछलीपट्नम बंदरगाह तक रेल मार्ग को मंजूरी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे तेलंगाना में स्थापित किए जाने वाले ड्राई पोर्ट से मछलीपट्नम बंदरगाह तक माल ढुलाई में तेजी आएगी। उन्होंने आगे कहा कि हैदराबाद बेंगुलूर, हैदराबाद पुणे कॉरिडोरों भी शमशाबाद से ही शुरू करने पर यह ट्राई जंक्शन बन जाएगा।
रेवंत रेड्डी ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि इन तीन कॉरिडोरों के लिए भू-अधिग्रहण प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के साथ-साथ निर्माण कार्य भी तत्काल शुरू किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन अनुरोधों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और आश्वासन दिया कि वे काम शीघ्र शुरू करेंगे।
मामनूरू हवाई अड्डे का मामला उठा
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायुडू से अनुरोध किया कि तेलंगाना के दूसरे बड़े शहर वरंगल के पास बनने वाले मामुनुरू हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया जाए। रेवंत रेड्डी ने आज राममोहन नायडू से संसद भवन में उनके कक्ष में मिले। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि वे तुरंत मामनुर हवाई अड्डे के निर्माण कार्य शुरू करें क्योंकि हवाई अड्डे के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है। उन्होंने इस हवाई अड्डे पर कार्गो सेवाओं के साथ-साथ रखरखाव और ओवर हॉल मरम्मत सुविधाएँ सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि कपड़ा और अन्य उद्योगों के साथ वरंगल शहर एक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने आगे बताया कि वरंगल के पास मेडारम में हर दो साल में एक बार एशिया के सबसे बड़े आदिवासी जातरा सम्मक्का सारलम्मा जातरा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि वरंगल हवाई अड्डा संयुक्त वरंगल के साथ-साथ संयुक्त खम्मम, संयुक्त नलगोंडा और संयुक्त करीमनगर जिलों का केंद्र होगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि वे जल्द से जल्द विमानों के आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए मामनूर हवाई अड्डे का निर्माण कार्य शुरू करें।
साथ ही मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से यह भी अनुरोध किया कि आदिलाबाद हवाई अड्डे के लिए भी तुरंत अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि इस हवाई अड्डे के निर्माण के लिए राज्य सरकार 249.82 एकड़ भूमि प्रदान करने के लिए तैयार है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राममोहन नायुडू ने आश्वासन दिया कि मामनूर हवाई अड्डे के निर्माण कार्य शुरू करने के लिए उठाये जाने वाले कदमों के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों को भेजा जाएगा।
18 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त धान लेने का आग्रह
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रह्लाद जोशी से वर्षाकालीन मौसम से संबंधित 18 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त धान लेने का आग्रह किया। उन्होंने आज नागरिक आपूर्ति मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी के साथ मिलकर केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की। इस मौके पर सीएम ने कहा कि राज्य सरकार को वर्षाकालीन मौसम के लिए 53.73 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की अनुमति दी गई, लेकिन भारी मात्रा में धान का उत्पादन होने से किसानों से 18 लाख टन अतिरिक्त धान खरीदा गया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि वे एफसीआई को यह अतिरिक्त धान लेने का आदेश दें।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : सरकार ने मूसी रिवरफ्रंट के लिए लोगों से माँगी ज़मीन
रेवंत रेड्डी ने 2024-25 के यासंगी मौसम के लिए अतिरिक्त 10 लाख मीट्रिक टन बॉयल्ड राइस मिलिंग की अनुमति देने का आग्रह भी किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री से यह भी आग्रह किया कि 2014-15 की वर्षाकालीन मौसम के दौरान एफसीआई को तेलंगाना द्वारा दिये गये चावल से संबंधित 1,468.94 करोड़ के बकाए का तुरंत भुगतान करें। उन्होंने कहा कि उस समय अनाज की खरीद के लिए पूरी राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की गई थी। उस समय हमने ऋण लिया था और ब्याज बढ़कर 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत वितरित किए गए चावल के लिए 343.27 करोड़ रुपये के बकाये का भुगतान भी करने का अनुरोध किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



