रेवंत रेड्डी का निरंकुश शासन ज्यादा दिनों का नहीं : डी.के. अरुणा
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डी.के. अरुणा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा विधायक से मिलने जाना भी क्या अपराध है, जो पुलिस भाजपा अध्यक्ष को गिरफ्तार करके बोलारम पुलिस थाने ले गई।
सांसद डी. के. अरुणा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस व्यवस्था की आड़ लेकर रेवंत रेड्डी सरकार जिस प्रकार निरंकुश शासन चला रही है यह अधिक दिनों तक नहीं चलेगा। उन्होंने प्रश्न किया कि भाजपा विधायक काटेपल्ली वेंकटरमणा के कैंप कार्यालय पर हमला हुआ है ऐसे में पार्टी अध्यक्ष का अपनी ही पार्टी के विधायक से मिलने जाने पर क्यों कांग्रेस इतना परेशान है जो कल हाउस अरेस्ट किया गया।
अब पुलिस के हाथों गिरफ्तार करके बोलारम पुलिस थाना ले जाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा को कुचलने के उद्देश्य से कांग्रेस सरकार हर प्रकार के हथकंडे अपना रही है। पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं को अवैध रूप से गिरफ्तार किया जा रहा है। प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कामारेड्डी की जनता सब देख रही है। समय पर अवश्य कांग्रेस को जवाब देगी।
यह भी पढ़ें… गोदावरी जल पर अधिकार नहीं छोड़ेंगे : रेवंत रेड्डी
डरने वाली नहीं है भाजपा : सुभाष
प्रदेश भाजपा मुख्य आधिकारिक प्रवक्ता एन.वी. सुभाष ने भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामचंदर राव को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की और कहा कि हाउस अरेस्ट करने या गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले जाने से भाजपा हरगिज डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अराजकता के विरुद्ध आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कामारेड्डी विधायक वेंकटरमणा रेड्डी के कैंप कार्यालय पर हमला होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अपनी ही पार्टी के विधायक से मिलने जाने पर सरकार को क्या आपत्ति है। उन्होंने कहा कि विधायक के घर पर हमला करने वाले कांग्रेसियों को छोड़कर भाजपाइयों पर जुल्म ढाना कहाँ का न्याय है। उन्होंने कहा कि बांसवाडा में भी अपने ही प्रतिष्ठान में भजन सुन रही महिला के साथ अभद्र व्यवहार करके महिला का वीडियो तक निकलाने वाले पर कड़ी कार्रवाई करने के बजाए पुलिस का भाजपाइयों पर केस दर्ज करना निंदनीय कृत्य है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



