भाजपा के सिद्धांतों से मेल खाता है संत सेवालाल का जीवन : रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि गिरिजनों को मुख्य धारा में लाना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का लक्ष्य है। इसलिए केंद्र में विशेष तौर पर गिरिजन मंत्रालय तथा ट्राइबल कमीशन का गठन केंद्र सरकार ने किया है।



भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद भवन में संत शिरोमणि सेवालाल जी महाराज की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद संबोधित करते हुए रामंचदर राव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव सरकार ने लंबाडा तांडा को ग्राम पंचायतों का दर्जा तो दे दिया लेकिन पर्याप्त निधियाँ नहीं दीं, वहीं सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार ने भी गिरिजन तांडाओं की उपेक्षा की जिसके कारण तांडों में मौलिक सुविधाओं का अभाव है। इसके अलावा विकास भी नहीं है। उन्होंने कहा कि गिरिजन तांडाओं में जो भी कार्य हो रहे हैं वह इंटिग्रेटेड ट्राइबल डेवलपमेंड एजेंसी (आईटीडीए) की निधियों से किए जा रहे हैं।
रामंचदर ने मुलुगू जिले में केंद्र सरकार द्वारा मंजूर की गई सम्मक्का सारक्का ट्राइबल यूनिवर्सिटी, महाराष्ट्र में संत सेवालाल का मंदिर स्थापित किए जाने का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देश को विदेशी ताकतों के आधिपत्य से मुक्त कराने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाले माँ जगदम्बा के उपासक संत सेवालाल का जीवन भाजपा के सिद्धांतों से मेल खाता है। उन्होंने कहा कि गिरिजनों व प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण के लिए जीवन समर्पित करने वाले संत सेवालाल ने देश को विदेशी ताकतों के आधिपत्य से मुक्त कराने का संकल्प लिया था। उन्हें गिरिजन संस्कृति में पर्यावरण को बचाने वाले भगवान के तौर पर भी देखा जाता है।
यह भी पढ़ें… मंत्रियों व पार्टी नेताओं के साथ सीएम रेवंत रेड्डी ने की बैठक
अवसर पर प्रदेश भाजपा एसटी मोर्चा अध्यक्ष रवि नायक, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष कल्याण नायक, भाजपा संगठन मंत्री चंद्रशेखर तिवारी, प्रदेश भाजपा महासचिव वेमुला अशोक आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



