दमरे जीएम ने किया डोन-सिकंदराबाद खंड का निरीक्षण
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने डोन-सिकंदराबाद खंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खंड के प्रमुख स्टेशनों कर्नूल सिटी, एसबीबी जोगुलंबा, गदवाल, महबूबनगर, जेडचेर्ला तथा शादनगर का निरीक्षण करते हुए पटरियों, सिग्नलिंग प्रणाली और पुलों की सुरक्षा संबंधी पहलुओं की समीक्षा की।




प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संजय कुमार श्रीवास्तव ने कर्नूल सिटी रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं और आवागमन क्षेत्र सहित अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत 46.62 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस कड़ी में उन्होंने एसबीबी जोगुलंबा अमृत स्टेशन, जिसका पुनर्निर्माण 6.7 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है, का भी निरीक्षण किया।
दमरे महाप्रबंधक ने 42.82 करोड़ रुपये की लागत से गदवाल रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को परियोजना में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कृष्णा ब्रिज पर विस्तृत सुरक्षा निरीक्षण करते हुए ट्रैक कर्मियों से बातचीत की। इसी क्रम में अरेपल्ली स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 96-ई का निरीक्षण करते हुए गेटमैन से बातचीत की।
अमृत स्टेशन निर्माण व रनिंग रूम की समीक्षा
संजय कुमार श्रीवास्तव ने महबूबनगर रेलवे स्टेशन का भी विस्तृत निरीक्षण करते हुए यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने 39.82 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे अमृत स्टेशन के निर्माण कार्यों के साथ-साथ रनिंग रूम और क्रू लॉबी का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट उपकरण की कार्यशील स्थिति की जाँच करते हुए आरएस वॉल्व सिम्युलेटर का उद्घाटन भी किया।
दमरे महाप्रबंधक ने जेडचेर्ला रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए 36.67 करोड़ रुपये की लागत से यहां चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सिग्नल एवं दूरसंचार कर्मचारियों द्वारा स्टेशन पर प्रदर्शित सिग्नलिंग उपकरणों का भी निरीक्षण किया। संजय कुमार श्रीवास्तव ने शादनगर रेलवे स्टेशन पर 32.99 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे अमृत स्टेशन के कार्यों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संजय कुमार श्रीवास्तव के साथ हैदराबाद डिवीजन के मंडल रेलवे प्रबंधक संतोष कुमार वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। अवसर पर विभिन्न जन-प्रतिनिधियों ने दमरे महाप्रबंधक से मुलाकात करते हुए अपने क्षेत्र से संबंधित रेल विकास कार्यों के संबंध में विचार प्रस्तुत किए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



