मुंबई में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र घोटाले की जांच को एसआईटी गठित

मुंबई, मुंबई पुलिस ने शहर में जाली दस्तावेजों के जरिए कथित तौर पर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त करने संबंधी मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
शहर के नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी करके 2024 से 2026 के बीच कथित तौर पर 87,000 से अधिक फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए थे। इसी तरह के फर्जी पंजीकरणों की कई शिकायतें मिलने के बाद मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने जांच शुरू की। अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने इन अपराधों और उससे जुड़ी प्राप्त शिकायतों की गहन जांच के लिए एसआईटी के गठन का आदेश दिया है।
अधिकारी ने बताया कि एसआईटी का नेतृत्व संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) करेंगे और इसमें अपराध शाखा, विशेष शाखा और जांच इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता किरीट सोमैया ने आरोप लगाया था कि एक घोटाले के तहत महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों और रोहिंग्याओं को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे थे। (भाषा)
यह भी पढे़: बेटिंग ऐप को लेकर सीएम ने एसआईटी के साथ की बैठक
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



