झारखंड के कोडरमा में लापता 10 आदिवासी बच्चों की खोज के लिए एसआईटी का गठन

रांची, झारखंड के कोडरमा जिले के एक छोटे से गांव से लापता हुए 10 आदिवासी बच्चों का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। यह जानकारी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुदीप सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कोडरमा पुलिस ने बच्चों के बारे में जानकारी देने वाले किसी भी व्यक्ति को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस ने बताया कि खारियोडीह पंचायत के गड़ियाई बिरहोर टोला (बस्ती) के निवासी और विशेष रूप से कमजोर आदिवासी समूह (पीवीटीजी) से संबंधित ये बच्चे एक फरवरी से लापता हैं, जब वे पारसाबाद से घर नहीं लौटे।

एसआईटी का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक(डीएसपी) रति भान सिंह द्वारा किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि बच्चों की तस्वीरें, उनके नाम, उम्र और अन्य विवरण विभिन्न पुलिस थानों समेत कई स्थानों पर प्रसारित किए जा रहे हैं और जांच के तहत पारसाबाद और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।

पारसाबाद से घर लौटते समय बच्चों का पता नहीं, पुलिस अलर्ट

रतिभान सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि सभी 10 बच्चों की उम्र 5 से 14 वर्ष के बीच है। उन्होंने बताया कि एक फरवरी को वे अपने गांव से लगभग 4 किलोमीटर दूर पारसाबाद में एक श्राद्ध समारोह में शामिल होने गए थे।

डीएसपी ने कहा कि हमने उनकी तलाश तेज कर दी है। गांव के लगभग 60 से 70 लोग श्राद्ध समारोह में शामिल होने के लिए पारसाबाद गए थे, लेकिन उन 10 बच्चों को छोड़कर बाकी सभी लौट आए। डीएसपी ने कहा कि बच्चे घर लौटने के लिए ट्रेन पकड़ने के लिए पारसाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, और संभव है कि वे गलती से गलत ट्रेन में चढ़ गए हों। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button