दक्षिण मध्य रेलवे जनसंपर्क विभाग को 3 पुरस्कार
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे के जनसंपर्क विभाग को उत्कृष्ट कार्यशैली और बेहतर संचार प्रबंधन के लिए पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया, हैदराबाद चैप्टर द्वारा पुरस्कृत किया गया है। जनसंपर्क विभाग ने मीडिया संबंध, संकटकालीन संचार तथा सोशल मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न तीन पुरस्कार हासिल किए।

यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया हैदराबाद चैप्टर द्वारा बेगमपेट स्थित होटल द प्लाजा में तेलंगाना राइजिंग 2047 : कम्युनिकेशन, इनोवेशन एंड एम्पॉवरमेंट विषय पर आयोजित चौथे तेलंगाना जनसंपर्क सम्मेलन के दौरान यह पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार समारोह में तेलंगाना मीडिया अकादमी के अध्यक्ष के. श्रीनिवास रेड्डी, उस्मानिया विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर व पूर्व एमएलसी प्रो. के. नागेश्वर तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की विशेष आयुक्त सी.एच. प्रियंका सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें… हॉलमार्क और शुद्धता को जाँचें उपभोक्ता : बीआईएस
मीडिया संबंध व संकट संचार में प्रथम पुरस्कार प्राप्त
अवसर पर दक्षिण मध्य रेलवे के जनसंपर्क विभाग को तीन अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया, जिनमें मीडिया संबंध और संकटकालीन संचार में प्रथम तथा सोशल मीडिया संचार में द्वितीय पुरस्कार शामिल हैं। दक्षिण मध्य रेलवे की ओर से मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ए. श्रीधर, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी एम. प्रदीप कुमार तथा जनसंपर्क अधिकारी के. राजेश ने यह पुरस्कार ग्रहण किए।

जानकारी देते हुए बताया गया कि दक्षिण मध्य रेलवे को यह पुरस्कार मुख्य रूप से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ उनके मधुर व व्यावसायिक संबंधों के लिए प्रदान किया गया है। विभाग नियमित रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस, मीडिया टूर और अनौपचारिक चर्चाओं के माध्यम से सटीक जानकारी साझा करता है, जिससे जनता के बीच पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहती है।
विशेष रूप से संकट के समय जैसे बाढ़, चक्रवात या पटरियों में खराबी जैसी आपातकालीन स्थितियों में विभाग की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। ऐसी स्थितियों में ट्रेनों के रद्दीकरण, मार्ग परिवर्तन और मरम्मत कार्यों की समयबद्ध जानकारी बुलेटिन के माध्यम से तुरंत साझा की जाती है, जिससे यात्रियों को होने वाली असुविधा कम होती है। इसके अलावा एक्स (ट्विटर), फेसबुक, इंस्टाग्राम तथा यूट्यूब जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए बुनियादी ढांचे के विकास और यात्री सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने में भी विभाग ने आधुनिकता का परिचय दे रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






