जाति सर्वेक्षण रिपोर्ट पर सपा ने किया गोलमेज सम्मेलन
हैदराबाद, समाजवादी पार्टी, तेलंगाना के तत्वावधान में जाति सर्वेक्षण रिपोर्ट के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हेतु गोलमेज सम्मेलन का आयोजन सोमाजीगुड़ा प्रेस क्लब में सफलतापूर्वक किया गया। सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं मीडिया कर्मियों ने सामाजिक न्याय एवं समानता के मुद्दों पर गंभीर चर्चा की।

उक्ताशय की जानकारी देते हुए समाजवादी पार्टी, तेलंगाना के मीडिया प्रभारी (हिन्दी) राजकुमार यादव ने बताया कि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रख्यात सामाजिक चिंतक प्रो. कान्चा इलय्या शेफर्ड ने कहा कि जाति सर्वेक्षण समाज में व्याप्त असमानताओं को समझने और उन्हें दूर करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक स्थिति के सटीक आँकड़े उपलब्ध नहीं होंगे, तब तक प्रभावी नीतियाँ बनाना और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना संभव नहीं है।
यह भी पढ़ें… मारवाड़ी युवा संगठन का ‘अपनों से अपनी बात’ कार्यक्रम
जाति सर्वेक्षण को पारदर्शी व वैज्ञानिक बनाने पर जोर
अवसर पर प्रो. एस. सिम्हाद्री यादव (राज्य अध्यक्ष), डॉ. एन. वेंकटेश्वरलू (उपाध्यक्ष), अवकला बाबू गौड़ (महासचिव), मोहम्मद रिज़वान हुसैन (संयोजक) व अन्य उपस्थित थे। वक्ताओं ने जाति सर्वेक्षण रिपोर्ट को पारदर्शी, वैज्ञानिक और प्रभावी तऱीके से लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट केवल ऑंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान का आधार बन सकती है।
सम्मेलन में तेलंगाना सरकार द्वारा किये गये जाति सर्वेक्षण को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक करने तथा उसकी विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र जारी करने, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), पिछड़ा वर्ग (बीसी) एवं अन्य पिछड़े वर्गों की वास्तविक जनसंख्या के आधार पर आरक्षण व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने, सभी वर्गों के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास के लिए विशेष एवं लक्षित योजनाएँ तैयार करने, केंद्र सरकार देश में जाति जनगणना कराने, प्रत्येक समुदाय के विकास, अधिकारों की सुरक्षा एवं समान अवसर सुनिश्चित करने के ठोस एवं समयबद्ध क़दम उठाने, सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक निर्णय लेने आदि प्रस्ताव पारित किए गए। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय राजकुमार यादव द्वारा किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



