श्रीधर बाबू ने बताई सरकार की प्रतिबद्धता, उप्पल में नल्ला चेरुवु के विकास कार्यों का निरीक्षण
हैदराबाद, आईटी मंत्री श्रीधर बाबू ने कहा कि सरकार बाढ़ रोकथाम के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और भू-जल संरक्षण में तालाबों और झीलों के संरक्षण व विकास को प्राथमिकता दे रही है। झीलों, नालों, पार्कों, सरकारी भूमि और जन उपयोग के लिए निर्धारित स्थलों की सुरक्षा के लिए हैद्रा को विशेष जिम्मेदरी दी गयी है। मंत्री श्रीधर बाबू ने मंगलवार को उप्पल में एसएनडीपी परियोजना का शुभारंभ किया। इसके अलावा उन्होंने उप्पल नल्ला चेरुवु के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय विधायक लक्ष्मा रेड्डी और एमएलसी पी. महेंद्र रेड्डी भी उपस्थित थे।

मंत्री ने झील के विकास की प्रक्रिया और स्वरूप के बारे में विमोस टेक्नोक्रेट्स संस्था के संचालक मुहम्मद यूनुस से कार्यों की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। मंत्री ने शहर में झीलों के संरक्षण के लिए हैद्रा द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की। श्रीधर बाबू ने उप्पल नल्ला चेरुवु के सामने के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के निर्देश देते हुए कहा कि यह झील वरंगल जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे लगभग एक किलोमीटर तक फैली हुई है। झील क्षेत्र को सुंदर ढंग से विकसित करने से यहाँ से गुज़रने वालों के लिए यह मनोरम दृश्य होगा।
यह भी पढ़ें… जीएचएमसी : अपर आयुक्त सृजना ने किया कोंडापुर साप्ताहिक बाज़ार का निरीक्षण
एजेंसी ने मंत्री को बताया कि झील के चारों ओर 2 किलोमीटर से अधिक लंबा वॉकिंग ट्रैक बनाया जा रहा है। साथ ही छोटे बच्चों के लिए प्ले एरिया, बैठने की सुविधाएँ, हरित लॉन, पार्क और सभी आयु वर्ग के लिए व्यायाम उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गंदे पानी को झील में जाने से रोकने के लिए डायवर्ट चैनल बनाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण 55 एकड़ तक सिमट चुकी झील को अब 69 एकड़ तक विस्तारित किया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



