इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स ने राइडर्स को रौंदा

Ad

नई दिल्ली, हेनरिक क्लासेन के तूफानी शतक के बाद जयदेव उनादकट की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहाँ कोलकाता नाइट राइडर्स को 110 रन से रौंदकर अपने अभियान का अंत जीत के साथ किया। प्ले ऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी इन दो टीम के बीच हुए मुकाबले को जीतकर सनराइजर्स की टीम 14 मैच में 13 अंक के साथ छठे स्थान पर पहुँच गई। नाइट राइडर्स की टीम 14 मैच में 12 अंक के साथ आठवें स्थान पर है।

क्लासेन ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 39 गेंद में नौ छक्कें और सात चौकें से नाबाद 105 रन बनाने के अलावा हेड (76 रन, 40 गेंद, छह छक्के, छह चौके) और इशान किशन (29ा के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे विकेट के लिए समान 83 रन की साझेदारी भी की जिससे सनराइजर्स ने तीन विकेट पर 278 रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास का तीसरा सर्वश्रेष्ठ और मौजूदा सत्र का दूसरा सर्वश्रेष्ठ टीम स्कोर है। हेड ने अभिषेक शर्मा (32) के साथ पहले विकेट के लिए भी 92 रन जोड़े। आईपीएल के इतिहास के चार सर्वश्रेष्ठ टीम स्कोर अब सनराइजर्स के नाम हैं।

टीम ने 15 अप्रैल, 2024 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ तीन विकेट पर 287 रन बनाए थे, जो आईपीएल इतिहास का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। पैट कमिंस की टीम ने मौजूदा सत्र में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 23 मार्च को छह विकेट पर 286 रन का स्कोर खड़ा किया था। नाइट राइडर्स की टीम उनादकट, हर्ष दुबे और ईशान मलिंगा की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 18.4 ओवर में 168 रन पर सिमट गई।

यह भी पढ़ें… आईपीएल में सुपर जाइंट्स ने गुजरात को हराया

नाइट राइडर्स की संघर्षपूर्ण रन चेज की कहानी

नाइट राइडर्स की ओर से मनीष पांडे (37), हर्षित राणा (34) और सलामी बल्लेबाज सुनील नारायण (31) ही 30 रन के आँकड़े को पार कर पाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नही रही और टीम ने पावर प्ले में सुनील नारायण (31) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (15) के विकेट गंवाकर 59 रन बनाए। नारायण को जयदेव उनादकट ने बोल्ड किया। हर्षल पटेल के पारी पांचवें ओवर में रहाणे भाग्यशाली रहे जब पहले तो कमिंस ने उनका कैच टपकाया, जबकि अगली गेंद पर वह रन आउट होने से भी बचे। रहाणे हालाँकि उनादकट के अगले ओवर में गेंद को हवा में लहराकर एक्सट्रा कवर पर अभिषेक को आसान कैच दे बैठे।

सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने 13 गेंद में सिर्फ नौ रन बनाने के बाद ईशान मलिंगा की फुलटॉस को डीप मिडविकेट पर अभिनव मनोहर के हाथ में खेला। बाएँ हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे ने आठवें ओवर में रिंकू सिंह (09) और आंद्रे रसेल (00) को लगातार गेंदों पर आउट करके नाइट राइडर्स का स्कोर पांच विकेट पर 70 रन किया। अंगकृष रघुवंशी और मनीष पांडे ने कुछ विकेटों के पतन पर विराम लगाया लेकिन इसके बाद रघुवंशी ने मलिंगा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर नितीश को कैच थमा दिया। उन्होंने 14 रन बनाए।

रमनदीप सिंह (13) ने दुबे पर लगातार दो छक्कें के साथ 14वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया, लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए। हर्षित राणा ने 15वें ओवर में अभिषेक पर दो छक्के और एक चौके से 19 रन बटोरे। नाइट राइडर्स को अंतिम पाँच ओवर में 149 रन की दरकार थी और टीम इस लक्ष्य के करीब भी नही पहुँच सकी।

स्कोर बोर्ड

सनराइजर्स हैदराबाद : अभिषेक शर्मा का. रिंकू बो. नारायण 32, ट्रेविस हेड का. रसेल बो. नारायण 76, हेनरिक क्लासेन नाबाद 105, इशान किशन का. नोर्किया बो. अरोड़ा 29, अनिकेत वर्मा नाबाद 12, अतिरिक्त: 24, कुल : 20 ओवर में तीन विकेट पर 278 रन, विकेट पतन : 1-92, 2-175, 3-258, गेंदबाजी : अरोड़ा 4-0-39-1, नोर्किया 4-0-60-0, राणा 3-0-40-0, नारायण 4-0-42-2, चक्रवर्ती 3-0-54-0, रसेल 2-0-34-0.

कोलकाता नाइट राइडर्स : क्विंंटन डिकॉक का. मनोहर बो. मलिंगा 09, सुनील नारायण बो. उनादकट 31, अजिंक्य रहाणे का. अभिषेक बो. उनादकट 15, अंगकृष रघुवंशी का. नितीश बो. मलिंगा 14, रिंकू सिंह का. नितीश बो. दुबे 09, आंद्रे रसेल पगबाधा बो. दुबे 00, मनीष पांडे का. मनोहर बो. उनादकट 37, रमनदीप सिंह बो. दुबे 13, हर्षित राणा का. एवं बो. मलिंगा 34, वैभव अरोड़ा रन आउट 00, एनरिच नोर्किया नाबाद 00, अतिरिक्त : 06, कुल : 18.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 168 रन, विकेट पतन : 1-37, 2-55, 3-61, 4-70, 5-70, 6-95, 7-110, 8-162, 9-162, गेंदबाजी : कमिंस 2-0-25-0, उनादकट 4-0-24-3, हर्षल 2-0-21-0, मलिंगा 3.4-0-31-3, दुबे 4-0-34-3, नितीश 1-0-6-0, अभिषेक 2-0-25-0.(भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button