सही शॉट चयन का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं सूर्यांश शेडगे
मुंबई, पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे का कहना है कि उन्होंने नेट्स में पूर्व भारतीय खिलाड़ी और चयनकर्ता जतिन परांजपे की देखरेख में दबाव भरे हालात में अपनी सोच और शॉट चयन पर काफी काम किया है। शेडगे (23 साल) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मौके का इंतजार करना पड़ा, लेकिन गुजरात टाइटन्स के खिलाफ पंजाब किंग्स के लिए 57 रन की शानदार पारी खेलकर उन्होंने प्रभावित किया। इसके बाद उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 17 गेंदों में तेजी से 25 रन बनाए।
शेडगे ने बताया कि उन्होंने यहां ‘वासु परांजपे क्रिकेट सेंटर’ में परांजपे की देखरेख में दबाव वाले हालात में स्पष्टता से सोचने के लिए अपनी मानसिकता पर काम किया है।शेडगे ने शुक्रवार को पीटीआई से कहा, ‘‘पिछले डेढ़ साल मेरे लिए बहुत अहम रहे हैं। जतिन सर ने सिर्फ मेरी बल्लेबाजी पर ही नहीं, बल्कि मेरी सोच और आत्मविश्वास पर भी काम करने में मेरी मदद की। उन्होंने हमेशा मुझे अपने स्वाभाविक खेल पर भरोसा करने और दबाव में स्पष्टता से सोचने के लिए प्रेरित किया। ’’
सूर्यांश की बल्लेबाजी में सुधार पर परांजपे का बड़ा बयान
परांजपे ने कहा कि क्रिकेटरों के लिए सही फैसले लेने का हुनर होना जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘‘आजकल बहुत से युवा क्रिकेटरों में हुनर तो होता है, लेकिन फर्क अक्सर सोच और फैसले लेने के तरीके से आता है। ’’परांजपे ने कहा, ‘‘सूर्यांश के साथ हमारी कोशिश थी कि चीजों को उसके लिए आसान बनाया जाए, उसका आत्मविश्वास बढ़ाया जाए और उसे अपने खेल पर भरोसा करने में मदद की जाए। उसे आगे बढ़ते हुए और मौकों का पूरा फायदा उठाते हुए देखना अच्छा लगता है। ’’
यह भी पढ़े : कोहली का विकेट लेने से अच्छा लगा, लेकिन मैच जीतना महत्वपूर्ण: प्रिंस यादव
परांजपे ने कहा कि उन्होंने अभ्यास के लिए नेट सत्र में ‘सिमुलेशन बैटिंग’ (मैच जैसे हालात बनाकर बल्लेबाजी करना) का तरीका अपनाया था। उन्होंने कहा, ‘‘सूर्यांश खेल के सभी प्रारूपों में अहम मौकों पर बल्लेबाजी और गेंदबाजी करता है। इन भूमिकाओं की जरूरतों को समझना और इन स्थान पर बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए जरूरी शॉट्स की रेंज पर भी हमने काफी गहराई से काम किया है। ’’ (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



