लाइफ साइंसेस व हेल्थकेयर में निवेश के लिए तेलंगाना अनुकूल : श्रीधर बाबू
हैदराबाद, आईटी व उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू ने बताया कि लाइफ साइंसेस और हेल्थकेयर क्षेत्रों में निवेश के लिए तेलंगाना अत्यंत अनुकूल है। उन्होंने नॉर्वे के उद्योगपतियों को राज्य में इन क्षेत्रों में नए उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने का अनुरोध उस देश के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल से किया।
सचिवालय में आज नॉर्वे की राजदूत मे एलिन स्टेनर के नेतृत्व में आये प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्रीधर बाबू से मुलाकात की। इस मौके पर तेलंगाना-नॉर्वे के बीच द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के लिए अपनाई जाने वाली रणनीतियों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक के दौरान श्रीधर बाबू ने राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए उठाए जा रहे कदमों, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस नीतियों, उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूलता और अवसरों के बारे में विस्तार से बताया।
मंत्री ने आगे कहा कि एआई, क्लाइमेट टेक, हेल्थ टेक, डीप टेक, साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल पब्लिक सर्विसेज, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, क्लीन एनर्जी, इंडस्ट्रीयल डी-कार्बनाइजेशन, ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल हेल्थ, बायोटेक, मेडिकल डिवाइसेज आदि क्षेत्रों में साथ मिलकर काम करने के अवसरों पर समग्र रोडमैप तैयार कर आगे बढ़ेंगे। इसके लिए उन्होंने विशेष रूप से तेलंगाना-नॉर्वे वर्किंग ग्रुप बनाने का प्रस्ताव भी रखा।
अवसर पर नॉर्वे की राजदूत ने कहा कि हम तेलंगाना जैसे प्रगतिशील राज्य के साथ काम करने के लिए तैयार हैं। आने वाले दिनों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए कदम उठाएंगे।
इटली के राजदूत ने मंत्री से की भेंट
आईटी व उद्योग विभाग के मंत्री श्रीधर बाबू ने कहा कि एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में उद्योगों को स्थापित करने के लिए देश के अन्य राज्यों की तुलना में तेलंगाना सबसे अनुकूल है। उन्होंने इस क्षेत्र में निवेश के लिए इटली के उद्योगपतियों को प्रोत्साहित करने का अनुरोध उस देश के प्रतिनिधियों से किया। इटली के राजदूत एंटोनियो बार्टोली के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आज सचिवालय में मंत्री श्रीधर बाबू से मुलाकात की। इस अवसर पर तेलंगाना-इटली मिलकर किन क्षेत्रों में साथ काम कर सकते हैं, इस पर लंबी चर्चा हुई।
अवसर पर मंत्री ने तेलंगाना को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों, अपनाई जा रही रणनीतियों और नीतियों के बारे में बताया। उन्होंने तेलंगाना इनोवेशन ईकोसिस्टम को और मजबूत बनाने के लिए टी-हब, वी-हब, जीनोम वैली, मेडिकल डिवाइसेस पार्क, विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के साथ साझेदारी के लिए इटली की कंपनियों, विशेषज्ञों और संस्थाओं को आगे आने का अनुरोध किया। इस दौरान इटली के राजदूत एंटोनियो बार्टोली ने कहा कि यह बैठक पहला कदम है। आने वाले दिनों में हम तेलंगाना के भरोसेमंद साझेदार बनेंगे और प्रमुख क्षेत्रों में साथ काम करेंगे।
यह भी पढ़ें… 2029 में भी बीआरएस को हरायेंगे : रेवंत रेड्डी
तेलंगाना में विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध
आईटी, उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू ने बताया कि चिकित्सा उपकरणों के निर्माण के लिए तेलंगाना में विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल डिवाइसेस पार्क, जीनोम वैली में तुरंत उत्पादन शुरू करने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ मौजूद हैं। उन्होंने सचिवालय में आज उनसे मिलने आये नीदरलैंड्स मेडिटेक उद्योगपतियों और विश्वविद्यालयों के शोधकर्ताओं के साथ बातचीत में बताया कि चिकित्सा संबंधी अनुसंधान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास और उपकरणों के उत्पादन के लिए तेलंगाना अत्यंत अनुकूल है। उन्होंने उल्लेख किया कि दवाओं के उत्पादन, नवाचार और वैक्सीन निर्माण में उनका राज्य देश में अग्रणी स्थान पर है। उन्होंने याद दिलाया कि कोविड महामारी के दौरान यहां की बायोटेक कंपनियों ने 120 देशों को वैक्सीन की आपूर्ति की थी।
श्रीधर बाबू ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के उत्पादन में तेलंगाना को एक हब के रूप में विकसित करने के लिए सरकार सभी प्रकार की सहायता और सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि बिजली, पानी और भूमि पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। चिकित्सा क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग के लिए बेहतरीन अवसर मौजूद हैं। इमेजिंग तकनीक, क्लीनिकल वैलिडेशन और डिजिटल प्रोफाइल्स जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए यह अनुकूल है।
श्रीधर बाबू ने बताया कि कुशल मानव संसाधनों की कमी नहीं है और दुनिया की सबसे बड़ी दवा और बायोटेक कंपनियों द्वारा राज्य को अपने उत्पादन केंद्र के रूप में अपनाने का यह प्रमुख कारण है। नीदरलैंड्स इनोवेशन्स काउंसलर जॉन रेंट स्मिट के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों का एक दल बैठक में शामिल हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






