कलह से तेलंगाना कांग्रेस आलाकमान क्षुब्ध
हैदराबाद, तेलंगाना में कांग्रेस के आंतरिक कलह और जनता के असंतोष पर पार्टी आलाकमान ने चिंता जताई है। आलाकमान का मानना है कि आंतरिक कलह, जाति-आधारित विभाजन और प्रमुख वादों के धीमे क्रियान्वयन ने तेलंगाना में कांग्रेस की स्थिति को कमजोर कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने कथित तौर पर पार्टी की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। खासकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा पिछड़े वर्ग के आरक्षण पर उसकी याचिका खारिज करने के बाद।
सूत्रों ने बताया कि पार्टी आलाकमान का मानना है कि मंत्रिमंडल के मंत्रियों के बीच टकराव, विधायकों के बीच जाति और समुदाय के आधार पर बढ़ते मतभेद और बढ़ते जन असंतोष ने कांग्रेस आलाकमान का तेलंगाना इकाई पर विश्वास कम कर दिया है। मौजूदा हालात का हवाला देते हुए आलाकमान कथित तौर पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के बार-बार किए गए इस दावे से इत्तेफाक नहीं रखती है कि कांग्रेस अगले कार्यकाल में सत्ता में वापसी करेगी। कांग्रेस सरकार के दो साल पूरे होने से पहले ही बढ़ती आंतरिक कलह ने पार्टी नेतृत्व को चिंतित कर दिया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, एआईसीसी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने पिछले हफ्ते बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर तेलंगाना के कुछ मंत्रियों और विधायकों से मुलाकात के दौरान इस घटनाक्रम पर अपनी चिंता व्यक्त की। लोगों से किए गए छह वादों को पूरा करना पीछे छूट गया है और सरकार का ध्यान अन्य जरूरी मुद्दों पर केंद्रित हो गया है। महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना को छोड़कर, सरकार ने बाकी वादों को लागू करने में बहुत कम प्रगति की है।
यह भी पढ़ें… जुबली हिल्स उपचुनाव के लिए तीन पर्यवेक्षक तैनात
तेलंगाना में कांग्रेस की चुनौतियाँ और आरक्षण विवाद
सरकार ने वित्तीय संकट और खाली खजाने का हवाला देकर अपने प्रदर्शन को सही ठहराने की कोशिश की है, लेकिन उसकी क्षमता पर सवाल उठ रहे हैं। किसान, बेरोजगार युवा, सेवानिवृत्त कर्मचारी और अन्य लोग अपनी मांगों को लेकर राज्य भर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जब भी स्थिति स्थिर होती दिखती है, सरकार खुद को नए विवादों में उलझा हुआ पाती है, जिसमें भ्रष्टाचार के आरोप और मंत्रिमंडल के भीतर जाति-आधारित मतभेद, ठेकों को लेकर मंत्रियों के बीच अंदरूनी कलह और यहाँ तक कि मंत्रियों की फोन पर बातचीत और गतिविधियों पर निगरानी की खबरें भी शामिल हैं।
ऐसे घटनाक्रमों को ध्यान में रखते हुए, खड़गे ने कथित तौर पर सवाल उठाया है कि क्या कांग्रेस अगले चुनावों में तेलंगाना में सत्ता बरकरार रख पाएगी। कांग्रेस तेलंगाना विधानसभा में राज्य में पिछड़ी जातियों को 42 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए विधेयक पारित करने का दावा करती रही है। हालांकि इस मुद्दे पर सरकार की प्रतिबद्धता तब सवालों के घेरे में आ गई जब सुप्रीम कोर्ट ने विस्तारित आरक्षण को बरकरार रखने की उसकी विशेष अनुमति याचिका खारिज कर दी। इस झटके ने न केवल तेलंगाना में पार्टी की स्थिति को प्रभावित किया है, बल्कि आगामी बिहार चुनावों में पिछड़ी जातियों का समर्थन हासिल करने की पार्टी आलाकमान की व्यापक रणनीति को भी प्रभावित किया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



