फाइलों की चोरी से परेशान तेलंगाना वक्फ़ बोर्ड
हैदराबाद, फाइलों की चोरी के मामले में तेलंगाना वक्फ बोर्ड का अपना अलग रिकॉर्ड रहा है। एक बार फिर फाइलों के मामले में बोर्ड को खुलकर सामने आना पड़ा। बोर्ड के अधिकारियों ने आबिड्स पुलिस में शिकायत दर्ज कर फाइल चोरी मामले की जाँच का अनुरोध किया।
तेलंगाना वक्फ़ बोर्ड ने महत्वपूर्ण फाइलों से जानकारी चोरी होने और उसे धोखाधड़ी से इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल रूप में हासिल किए जाने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। बोर्ड के विशेष कार्य अधिकारी मुहम्मद आस़िफ ख़ान ने आबिड्स पुलिस स्टेशन में शिकायत करते हुए मामले की गहन जाँच कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
वक्फ़ बोर्ड ने की दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
बताया गया कि मुहम्मद कुतुबुद्दीन नामक व्यक्ति ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी और बाद में अवमानना याचिका भी दाखिल की। इस दौरान 6 अगस्त को वक्फ़ बोर्ड अध्यक्ष के कक्ष से कुछ नोटफाइल्स की ज़ेरॉक्स प्रतियाँ और डिजिटल रूप में जानकारी अदालत में प्रस्तुत की गई। जाँच में यह पाया गया कि संबंधित फाइलें बिना अनुमति और धोखे से हासिल की गईं। इसमें पेशी स्टाफ की मिलीभगत की भी आशंका जताई गई।
बोर्ड का कहना है कि उक्त नोटफाइल्स न तो आरटीआई के तहत माँगी गयीं थीं और न ही प्रमाणित प्रतियाँ थीं। इन्हें अवैध रूप से प्राप्त कर अदालत में दाखिल किया गया। यह कृत्य चोरी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 के प्रावधानों के तहत दंडनीय अपराध है। वक्फ़ बोर्ड ने पुलिस से आग्रह किया कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस शिकायत के साथ अदालत में प्रस्तुत दस्तावेज़ों की प्रतियाँ और वीडियो क्लिपिंग भी सबूत के तौर पर पेश की गई हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



