ठाणे : पानी की टंकी में मिला लापता बच्चे का शव
ठाणे, महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सात साल का एक बच्चा अपने घर के पास पानी की टंकी में मृत पाया गया। अपनी कक्षा के लिए निकलने के बाद से ही बच्चा लापता था। पुलिस ने जानकारी दी। बच्चा अपने माता पिता के साथ भिवंडी इलाके की एक इमारत में रहता था।
भोईवाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को पीड़ित के पिता की शिकायत के हवाले से बताया कि वह मंगलवार शाम करीब छह बजे एक मस्जिद में अरबी की कक्षा के लिए गया था। मृतक के पिता पावरलूम मजदूर हैं। अधिकारियों ने बताया कि जब बच्चा शाम 7.30 बजे तक घर नहीं लौटा, तब उसके माता-पिता ने खोजबीन शुरू की और मंगलवार रात उसे पड़ोस की एक इमारत की सीढ़ियों के नीचे पानी की टंकी में बेसुध पड़ा पाया।
यह भी पढ़े: माथेरान ट्रेकिंग मार्ग के पास मिला महाराष्ट्र में लापता नौसेना अधिकारी का शव
अधिकारियों ने कहा कि बच्चे को टंकी से निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि लड़का पानी की टंकी में कैसे गिरा। उन्होंने बताया कि फिलहाल दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



