विज्ञान और धर्म के बीच कोई टकराव नही : मोहन भागवत
तिरुपति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि विज्ञान और धर्म के बीच कोई संघर्ष नही है, क्योंकि अंतत: सभी लोग विभिन्न मार्गों के माध्यम से एक ही सत्य की खोज करते हैं। भागवत ने यहाँ आयोजित भारतीय विज्ञान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि धर्म को प्राय: मजहब के रूप में गलत समझ लिया जाता है, जबकि वास्तव में यह सृष्टि के संचालन को नियंत्रित करने वाला विज्ञान है। उन्होंने कहा कि धर्म कोई मजहब नही है। यह वह नियम है, जिसके अनुसार सृष्टि चलती है।
कोई इसे माने या न माने, लेकिन इसके बाहर कोई भी कार्य नही कर सकता। उन्होंने यह भी कहा कि धर्म में असंतुलन विनाश का कारण बनता है। भागवत ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से विज्ञान ने यह मानते हुए धर्म से दूरी बनाए रखी कि वैज्ञानिक अनुसंधान में उसका कोई स्थान नही है, लेकिन यह दृष्टिकोण मूल रूप से गलत है। उनके अनुसार, विज्ञान और अध्यात्म के बीच वास्तविक अंतर केवल कार्यप्रणाली का है, लेकिन दोनों का लक्ष्य एक ही है। उन्होंने कहा कि विज्ञान और धर्म या अध्यात्म के बीच कोई टकराव नही है। उनकी पद्धतियाँ भले ही अलग हों, लेकिन मंजिल एक ही है और वह है सत्य की खोज।
बाहरी प्रयोग बनाम आंतरिक अनुभव का है वैज्ञानिक दृष्टिकोण
वैज्ञानिक प्रक्रिया की व्याख्या करते हुए भागवत ने कहा कि विज्ञान तथ्यों को स्थापित करने के लिए बाहरी अवलोकन, प्रयोग और दोहराए जाने योग्य अनुभव पर निर्भर करता है, जबकि आध्यात्मिकता आंतरिक अनुभव के माध्यम से उसी सिद्धांत का पालन करती है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता प्रत्यक्ष अनुभव पर भी जोर देती है और कहती है कि जो कुछ भी अनुभव किया जाता है, वह सभी के लिए सुलभ होना चाहिए।
आरएसएस प्रमुख ने कहा कि विज्ञान बाहरी अवलोकन के माध्यम से पदार्थ को संशोधित करने पर ध्यान केंद्रित करता है, जबकि आध्यात्मिकता अनुशासित प्रयोगों के माध्यम से आंतरिक और सूक्ष्म क्षेत्र में काम करती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक विज्ञान ने चेतना के बारे में स्थानीय के बजाय सार्वभौमिक रूप में चर्चा करनी शुरू कर दी है और इसकी तुलना प्राचीन भारतीय दार्शनिक अवधारणाओं जैसे सर्वं खल्विदं ब्रह्म और प्रज्ञानं ब्रह्म से की है। धर्म को समझने में भाषा के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाएँ विशिष्ट रूप से इसके सार को व्यक्त करती हैं। उन्होंने मातृभाषाओं के माध्यम से आम लोगों तक वैज्ञानिक ज्ञान पहुँचाने के प्रयासों का आह्वान किया।
पर्यावरण संबंधी चुनौतियों जैसी वैश्विक चिंताओं का उल्लेख करते हुए भागवत ने कहा कि भारत को दुनिया को वैज्ञानिक और धार्मिक दृष्टिकोण प्रदान करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को आर्थिक और रणनीतिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ केवल महाशक्ति बनने के बजाय विश्व गुरू बनने की आकांक्षा रखनी चाहिए।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना दृष्टिपत्र 2047 का क्रियान्वयन शुरू करें रेवंत रेड्डी
मातृभाषा में ज्ञान ही भारत को बनाएगा विश्व गुरु
आरएसएस प्रमुख ने कहा कि प्रगतिशील भारत को केवल महाशक्ति बनने की आवश्यकता नही है। आत्मरक्षा के लिए शक्ति आवश्यक है, लेकिन हमें विश्व गुरू बनना होगा, जो दुनिया को उसकी समस्याओं से मुक्ति दिलाने में सक्षम हो। भागवत ने कहा कि भौतिक प्रगति को धर्म के परिप्रेक्ष्य से एकीकृत करके, भारत मानवता को एक नयी दृष्टि और शक्ति प्रदान कर सकता है, जिससे राष्ट्र सृष्टि के संरक्षक के रूप में सहयोगात्मक रूप से आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि ज्ञान उस भाषा में दिया जाना चाहिए जिसे व्यक्ति समझता है, क्येंकि लोग अपनी मातृभाषा में अवधारणाओं को अधिक प्रभावी ढंग से समझते हैं।
फिनलैंड का उदाहरण देते हुए भागवत ने कहा कि विभिन्न देशों के छात्रों को आवीं कक्षा तक उनकी संबंधित मातृभाषाओं में शिक्षा मिलती है। उन्होंने उचित अध्ययन और समझ में भाषा की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मातृभाषा में शिक्षा बौद्धिक विकास को बढ़ावा देती है और ज्ञान को कुशलतापूर्वक ग्रहण करने की क्षमता में सुधार करती है। भागवत ने इस बात पर जोर दिया कि भारतीय भाषाओं में धर्म को व्यक्त करने के लिए ऐसे शब्द हैं, जो अन्य भाषाओं में नही हैं। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया कि वैज्ञानिक और आध्यात्मिक ज्ञान लोगों तक उनकी मातृभाषा में पहुँचे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



