ईरान में न अमन, न चैन

ईरान अशांत है। वह फिलवक्त दो पाटों में फंसा हुआ है। एक ओर तो घरेलू मोर्चे पर देगची में असंतोष खलबला रहा है, दूसरी ओर लंबे अर्से से आर्थिक-पाबंदियां झेल रहे ईरान को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की कभी भी कार्रवाई की धमकी ने सांसत में डाल दिया है। यद्यपि ईरान ने युद्ध के लिये तैयार रहने और आक्रमण होने पर करारा जवाब देने की बात कही है, अलबत्ता उसने अमेरिका के साथ वार्ता के लिये भी तत्परता दर्शायी है।

गौरतलब है कि वाशिंगटन और तेहरान के बीच दौत्य-संबंध नहीं है और उनके बीच संदेशों के आदान-प्रदान का दायित्व स्विस-दूतावास निभा रहा है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघायेई का कहना है कि मध्यपूर्व के लिये ट्रंप प्रशासन के विशेष दूत स्टीव विटकोफ और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरघची के बीच संचार-प्रणाली चालू है और ज़रूरत पड़ने पर संदेशों का आदान-प्रदान भी जारी है।

सोमवार 12 जनवरी को ईरानी विदेशमंत्री यह कहते हुये उद्धृत किये गये कि ईरान ने युद्ध के साथ-साथ वार्ता के लिये अपने दरवाजे खुले रखे हैं। उनके इस बयान को तेहरान की मनस्थिति के परिचायक के तौर पर देखा जा सकता है। यह इस बात का द्योतक है कि तेहरान जंग की बात भले ही कहे, लेकिन गहन आंतरिक असंतोष के इस कठिन दौर में वह अपनी ओर से जंग के लिये अनिच्छुक है और जैसे भी हो वह जंग को टालना ही चाहेगा।

ईरान में उग्र प्रदर्शन, पिछले पखवाड़े 646 की मौतें

ईरान के इस्लामी गणतंत्र के लिये मुसीबतों का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वहां करीब एक पखवाड़े से उग्र प्रदर्शनों का तांता लगा हुआ है। 28 दिसंबर से शुरू हुये उन प्रदर्शनों पर काबू पाने के लिये पुलिस को जगह-जगह गोलियां चलानी पड़ी है। इसके फलस्वरूप अब तक 646 लोगों की जान जाने की खबर है। इनमें 505 प्रदर्शनकारियों, 113 सुरक्षाकर्मियों और सात तमाशबीनों का समावेश है। इसके अलावा 579 मौत की पुष्टि होना अभी शेष है और उनकी तफ्तीश की जा रही है। सरकार ने प्रदर्शनकारियों के प्रति कड़ाई बरतने के संकेत दिये हैं और एक पखवाड़े की अवधि में दस हजार से अधिक ईरानियों को गिरफ्तार किया है।

इन दिनों घड़ी की सुइयां भी तेजी से घूम रही है। हाल ही में तेहरान में ईरान ने ब्रिटिश राजदूत को तलब किया और ब्रिटेन के विदेश मंत्री के ईरान को लेकर बयान के जरिये दखलंदाजी पर नाराजगी का इजहार किया। साथ ही इस वाकये पर भी अप्रसन्नता व्यक्त की गयी, जिसमें लंदन में एक युवक ने ईरान के दूतावास पर लगा ईरानी झंडा हटाकर वहां सन् 1979 की इस्लामी क्रांति के पूर्व प्रयुक्त झंडे से मिलता-जुलता ध्वज फहरा दिया।

ब्रिटेन ने अधिकारिक तौर पर इस बाबत कोई वक्तव्य जारी नहीं किया है। इस बीच ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर कली बाफ ने वाशिंगटन को चेतावनी दी कि वह ईरान को कमजोर समझने की गलती नहीं करे। ईरान की क्रांति गारद के मुखिया रह चुके कुली बाफ ने तुर्श लहजे में कहा कि ईरान पर हमले की हालत में इजराइल तथा अमेरिका के सभी अड्डे और जलपोत हमारे निशाने पर होंगे।

यूएन की संयम की अपील, ईरान में हिंसा पर वैश्विक चिंता

ईरान पर विश्व राजनय की दशा और दिशा को संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव अंतोनियो गुटर्रेस के उस बयान से भी समझा जा सकता है, जिसमें उन्होंने ईरान में आंतरिक हिंसा से स्तब्ध होने और ईरानी सरकार से हिंसा के बजाय संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, शांतिपूर्ण इकट्ठा होने और प्रदर्शन का सम्मान किया जाना चाहिये। प्रदर्शन और दमन की खबरों के बीच शनिवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के पोटरी ऑफ स्टेट मार्को रूबियो ने फोन पर बातचीत की।

रिपब्लिकन सिनेटर रैंड पॉल और डेपोट सिनेटर मार्क वानर ने ईरान पर अमेरिकी सैन्य आाक्रमण की संभावना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विदेशी हमले की स्थिति में ईरानी आवाम हमले के खिलाफ एकजुट हो जायेगा। विशेषज्ञों का मत है कि इससे ईरानी सरकार को असंतोष पर काबू पाने में मदद मिलेगी। मत-मतांतरों के कुहासे में अब लोगों की नजर मंगलवार को राष्ट्रपति की अमेरिकी सांसदों व सलाहकारों से मुलाकात के नतीजों पर है।

उधर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने स्पष्ट शब्दों में अमेरिका और इजराइल पर ईरान में अस्थिरता का जाल बुनने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ईरान के दुश्मनों ने आतंकवादियों को उकसाया है और ये दहशतगर्द मस्जिदों, बैंकों और सार्वजनिक संपत्ति को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने ईरानी अवाम से दंगाइयों से दूर रहने की अपील करते हुये कहा कि सरकार अवाम से बातचीत और आर्थिक मसले सुलझाने को तैयार है।

यह भी पढ़ें… समष्टि से व्यष्टि के जुड़ाव का पर्व मकर संक्रांति

अमेरिकी कार्रवाई की आशंका, ईरान दोहरे संकट में घिरा

गत सप्ताहांत राष्ट्रपति ट्रंप के एक्स पर इस आशय के बयान के बाद ईरान समेत मध्यपूर्वक के मुल्कों की धुकधुकी बढ़ गयी है कि ईरानी जनता आजादी की ओर ताक रही है। ऐसा संभवत पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने लिखा: द यूएसए स्टैंड्स रेडी टु हेल्प। ट्रंप जो हाल में वेनेजुएला में अपनी फिल्लियाँ फड़का चुके हैं, के रेडी टु हेल्प कथन के अलग-अलग अर्थ निकाले जा रहे हैं। इस बीच ईरान के निर्वासित, पूर्व सम्राट के बेटे रजा पहल्वी ने ट्रंप की ईरानी अवाम की अवर्णनीय वीरता की सराहना की है। उन्होंने ईरानियों से कहा कि सड़कें खाली मत छोड़िये।

डॉ. सुधीर सक्सेना
डॉ. सुधीर सक्सेना

वर्तमान संकट में तेल अवीव को अपने स्थायी शत्रु से छुटकारा पाने का सुअवसर नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि घटनाक्रम पर तेल अवीव की पैनी निगाह है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पर्शियन स्टेट (ईरान) को जल्द ही अत्याचारों से मुक्ति मिलेगी। उलेखनीय है कि इजराइल में ताजा घटनाक्रम और आशंकाओं के मद्देनजर हाई अलर्ट लागू कर दिया गया है। करीब एक छमाही ही बीती है, जब इजराइल और ईरान के दरम्यान 12 दिन जंग चली थी। जून में हुई जंग में अमेरिका ने इजराइल का साथ दिया था। उसने ईरान के परमाणु-ठिकाने तबाह कर दिये थे। बदले में ईरान ने इजराइल और कतर में अमेरिकी ठिकाने पर मिसाइलें दागीं थीं। किस्सा कोताह यह कि अमेरिका की सीधी कार्रवाई की आशंकाओं के बीच स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। ईरान में अमन-चैन को नामोनिशां नहीं है और वह दोहरे संकट से जूझ रहा है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button