होली से पहले झारखंड में कड़े सुरक्षा इंतजाम, अतिरिक्त बल तैनात
रांची/जमशेदपुर, होली पर्व से पहले झारखंड में अतिरिक्त पुलिस बल और गश्ती दलों की तैनाती सहित व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि राज्य पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश जारी कर बुधवार को होली के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावी ढंग से बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ाने और एहतियाती कदम उठाने को कहा है। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करने हेतु एक और दो मार्च को कई जिलों में दंगा-नियंत्रण अभ्यास किए गए। ये अभ्यास होली और रमजान माह को ध्यान में रखकर किए गए।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सोमवार को शहर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और प्रत्येक थाने को संभावित विवादों के समाधान के लिए शांति समिति की बैठकें पहले ही पूरी करने का निर्देश दिया। रांची के नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने कहा कि राज्य की राजधानी में महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि हमने लोगों से अपील की है कि वे होली को सौहार्द के साथ मनाएं। उनसे भड़काऊ और अश्लील गाने न बजाने का भी अनुरोध किया गया है।
राणा ने बताया कि शहर के सभी थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि होली के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिले में 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। जमशेदपुर के पुलिस उपाधीक्षक (अपराध नियंत्रण कक्ष) मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष सोशल मीडिया की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साइबर प्रकोष्ठ विभिन्न मंचों पर वास्तविक समय में नजर रख रहा है, ताकि भड़काऊ सामग्री या अफवाहों के प्रसार को रोका जा सके, जिससे सांप्रदायिक सद्भाव प्रभावित हो सकता है।
होली-ईद पर सोशल मीडिया निगरानी और सुरक्षा कड़ी
मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेशों की कड़ी निगरानी कर रही है और नागरिकों, खासकर युवाओं से अपुष्ट संदेश आगे न बढ़ाने की अपील की है। होली और ईद के मद्देनजर सभी थानों ने स्थानीय शांति समितियों के साथ बैठकें की हैं। अधिकारी ने कहा कि इन समितियों के सदस्य जनता और पुलिस के बीच सेतु का काम करेंगे और किसी भी संदिग्ध डिजिटल गतिविधि की तुरंत सूचना देंगे।
यह भी पढ़े: जुबली हिल्स उपचुनाव के लिए तीन पर्यवेक्षक तैनात
प्रशासन ने गश्ती वाहनों और त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को सक्रिय कर दिया है, जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि प्रमुख स्थानों पर ब्रेथलाइजर के जरिए जांच की जाएगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि गुंडागर्दी या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



