आबिड्स सड़क पर पार्किंग जारी रखने हेतु व्यापारियों का अनुरोध
हैदराबाद, आबिड्स मुख्य मार्ग पर सड़क पर पार्किंग हटाए जाने पर चिंता जताते हुए व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालकों ने पुलिस से अनुरोध किया कि पार्किंग सुविधा यथावत रखी जाए, अन्यथा व्यापार को नुकसान हो सकता है। इस संबंध में ट्विन सिटीज़ ज्वेलर्स असोसिएशन एवं आबिड्स के व्यापारी संघ ने हैदराबाद के संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया कि आबिड्स रोड पर पार्किंग सुविधा को हटाए जाने से व्यापारियों की चिंता बढ़ गयी है।
आबिड्स रोड पहले से ही एकतरफा मार्ग के रूप में संचालित है। सड़क पर्याप्त चौड़ी है। वर्तमान व्यवस्था के तहत सड़क के केवल एक ओर ही पार्किंग की अनुमति है। यह सीमित पार्किंग सुविधा बाजार में आने वाले ग्राहकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। व्यापारी संघ के अनुसार, आबिड्स रोड पर पर्याप्त पार्किंग की कमी के कारण कई ग्राहक यहाँ आने से हिचकिचाते हैं। कई ग्राहक यहाँ आना बंद कर चुके हैं। पार्किंग की समस्या के कारण ग्राहक हतोत्साहित हैं। यदि वर्तमान में उपलब्ध यह सीमित पार्किंग सुविधा भी पूरी तरह हटा दी जाती है, तो स्थिति और अधिक कठिन हो जाएगी। आबिड्स क्षेत्र के लगभग दो किलोमीटर के दायरे में कोई व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यहाँ आने वाले ग्राहकों को वाहन पार्क करने के लिए कोई सुविधाजनक स्थान नहीं मिल पाएगा, तो व्यापार को नुकसान होगा।
यह भी पढ़ें… भविष्य के लिए तैयार पुलिसिंग का मॉडल होगा तेलंगाना : श्रीधर बाबू
महिलाओं और बुजुर्गों के लिए लंबी दूरी पैदल चलना असुविधाजनक
व्यापारियों का मानना है कि आबिड्स लंबे समय से प्रसिद्ध आभूषणों एवं अन्य महत्वपूर्ण जीवनोपयोगी वस्तुओं के लिए प्रसिद्ध रहा है। परिवारों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्ग ग्राहकों के लिए दूर कहीं वाहन खड़ा कर लंबी दूरी तक पैदल चलना और कीमती सामान लेकर आना-जाना असुविधाजनक और असुरक्षित महसूस होता है। इससे कई ग्राहक इस क्षेत्र में आने से हतोत्साहित हो सकते हैं।
पिछले कुछ वर्षों में शहर में नए मॉल और वाणिज्यिक केंद्रों के विकसित होने के कारण आबिड्स बाजार में पहले ही ग्राहकों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है। इन चुनौतियों के बावजूद आबिड्स के पारंपरिक व्यवसाय मेहनत और संघर्ष के साथ अब तक टिके हुए हैं। यदि वर्तमान में उपलब्ध सीमित पार्किंग सुविधा समाप्त कर दी जाती है, तो यह इस ऐतिहासिक बाजार के अस्तित्व के लिए गंभीर आघात साबित हो सकता है।
कई लोगों के लिए प्रतिष्ठान पूर्वजों की मेहनत और विरासत का प्रतीक हैं। साथ ही परिवारों तथा कर्मचारियों के लिए आजीविका का मुख्य साधन भी हैं। इसलिए पुलिस से अनुरोध किया गया कि आबिड्स रोड पर पूर्व की भांति पार्किंग सुविधा को जारी रखने की अनुमति प्रदान की जाए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



