ईरान प्रस्ताव पर ट्रंप की चेतावनी, हमले की बात

वाशिंगटन,अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह युद्ध समाप्त करने संबंधी ईरान के नए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं लेकिन यदि वह ‘‘कोई गलत हरकत’’ करता है तो उसके खिलाफ सैन्य हमले फिर शुरू किए जा सकते हैं। ट्रंप ने पाम बीच से मियामी जाते समय कहा कि वह युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान के नए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने किसी समझौते पर पहुंचने को लेकर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि ईरान ने पिछले 47 वर्ष में मानवता और दुनिया के साथ जो किया है, उसके लिए उसने अब तक पर्याप्त कीमत नहीं चुकाई है।
ट्रंप ने पाम बीच हवाई अड्डे पर गोल्फ खेलने और अपने स्थानीय दंत चिकित्सक से मिलने के बाद कहा, ‘‘अगर वे गलत हरकत करते हैं, अगर वे कुछ बुरा करते हैं (तो हम हमले करेंगे) लेकिन अभी हम देखेंगे। यह एक संभावना है, निश्चित रूप से ऐसा हो सकता है।’’
अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि वह ईरान की ओर से भेजे गए नए प्रस्ताव को विमान में देखने के बाद मियामी में मीडिया से बात करेंगे। ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं इसे विमान में देख रहा हूं। मैं आपको इसके बारे में बाद में बताऊंगा… उन्होंने मुझे समझौते की अवधारणा के बारे में बताया है।’’
बाद में राष्ट्रपति के एक सहयोगी ने कहा कि मियामी में कोई संवाददाता सम्मेलन नहीं होगा। ट्रंप ने नए प्रस्ताव के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि वह ‘‘सोच नहीं कर सकते कि यह स्वीकार्य होगा क्योंकि उन्होंने पिछले 47 वर्ष में मानवता और दुनिया के साथ जो किया है, उसकी उन्होंने अब तक पर्याप्त कीमत नहीं चुकाई है।’’
ट्रंप जिस नए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं, उसके बारे में तत्काल कोई विवरण उपलब्ध नहीं है। अमेरिकी समाचार वेबसाइट ‘एक्सियोस’ ने दो सूत्रों के हवाले से बताया कि बृहस्पतिवार को भेजे गए प्रस्ताव में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने, अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने तथा ईरान और लेबनान में युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने संबंधी समझौते पर बातचीत के लिए एक महीने की समयसीमा तय की गई है।
‘एक्सियोस’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरानी प्रस्ताव के अनुसार, ऐसा समझौता होने के बाद ही परमाणु कार्यक्रम पर समझौते की कोशिश के लिए बातचीत शुरू की जाएगी। ट्रंप ने ईरान के पिछले प्रस्ताव को इस सप्ताह यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि वह इससे संतुष्ट नहीं हैं। हालांकि, बातचीत जारी है और तीन सप्ताह का युद्धविराम कायम दिख रहा है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



