उदयम-दक्षिण: किशोर सम्मेलन में प्रतिभा और नेतृत्व का प्रदर्शन


हैदराबाद, अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद एवं तेरापंथ किशोर मंडल एक्सिस के तत्वावधान में आयोजित उदयम-दक्षिण स्तरीय किशोर सम्मेलन संपन्न हुआ। साध्वी डॉ. गवेषणाश्रीजी ने अपने संबोधन में कहा कि मन के महासागर में पल प्रतिपल विचारों की तरंगें पैदा होती हैं। मन प्रतिपल आरोह अवरोह से गुजरता है। इसी कारण व्यक्ति सुखी और दुःखी होता है, क्योंकि व्यक्ति का जीवन प्रकृति से विकृति की ओर बढ़ रहा है।
साध्वीश्री ने कहा कि व्यक्ति संस्कृति, संस्कार, सभ्यता, मर्यादा को भूल गया है। जो काम पानी कर सकता है, वह पेट्रोल नहीं कर सकता, जो काम तांबा कर सकता है, वह सोना नहीं कर सकता, वैसे ही जो काम संस्कार कर सकते हैं, वह पैसों से नहीं हो सकता। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में कहते साध्वीश्री ने कहा कि वर्तमान में हमारे किशोर एक नई दिशा में भटक रहे हैं। सारी जीवनचार्य बदल गई है, जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, खान-पान का कोई भान नहीं है।पेट को गटर बना दिया है, जो आए वह खा ले। घर का खाना तो पसंद ही नहीं। होटल और बोतल की संस्कृति ने अस्पताल खड़े कर दिए।
साध्वीश्री ने कहा कि संस्कारी व्यक्ति का जीवन राम की तरह मर्यादित, कृष्ण की तरह कर्मशील है। सुविधा धन दौलत देगी, किंतु संस्कार नहीं। साध्वी मयंकप्रभाजी ने कहा कि पुष्प की ताकत सुगंध है, मिठाई की ताकत शक्कर है, नदी की ताकत पानी है, व्यापारी की ताकत धन है, वैसे ही जीवन की ताकत संस्कार है। संस्कारों के बिना जीवन अधूरा है। इस उम्र में संयम की लगाम लगाएँ, तो जीवन शिखरोन्नत चढ़ सकता है। साध्वी दक्षप्रभाजी में गीतिका प्रस्तुत की।
यह भी पढ़ें… महापुरुषों के मार्गदर्शन से सुधरता है जीवन : साध्वी जयश्रीजी

तेयुप कार्यक्रम में किशोरों की प्रतिभा और नेतृत्व प्रदर्शन
जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, सिकंदराबाद अध्यक्ष सुशील संचेती, महिला मंडल अध्यक्ष नमिता सिंघी ने तेयुप को आयोजन हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। महिला मंडल ने मंगलाचरण से अभातेयुप राष्ट्रीय टीम को बधाई दी। अभातेयुप राष्ट्रीय सह मंत्री लक्की कोठारी ने आध्यात्मिकता एवं नैतिकता विषयों से किशोरों में जोश भरा। तेरापंथ किशोर मंडल एक्सिस के प्रवृति सलाहकार, तेयुप हैदराबाद के निवर्तमान अध्यक्ष अभिनंदन नाहटा ने संघ के प्रति समर्पण एवं अभातेयुप आयाम की जानकारी दी। टीटीएफ राष्ट्र प्रभारी मनीष पटवारी ने किशोरों को टीटीएफ से जुड़ने के लिए कहा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पवन मांडोत, अभातेयुप साथी आशीष दक, राहुल श्यामसुखा की अवसर पर उपस्थिति रही। मुख्य वक्ता विख्यात उद्योगपति देवेंद्र सुराणा ने दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती से जुड़े तथ्यों से मनी मैनेजमेंट के बारे में बताया। किशोर मंडल एक्सिस ब्लू ब्रिगेड सदस्य हर्ष गादिया ने किशोर मंडल, हैदराबाद की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी तीन वर्षों की मेहनत एवं प्लानिंग से दक्षिणांचल संभव हो पाया है। किशोर साथियों ने टास्क फॉर यू कार्यक्रम का आयोजन किया। इसके संयोजक रौनक सुराणा, मुदित संचेती, सार्थक मेहता एवं ऋषभ भूतोड़िया थे।
मुख्य आकर्षण इंटरेक्टिव सेशन और टीम एक्टिविटीज़ रहे, जिनमें युवाओं ने अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सहयोग भाव का उत्कृष्ट परिचय दिया। दक्षिण भारत के कुल 7 परिषदों के कुल 110 किशोरों ने इसमें सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी परिषदों का सम्मान किया गया। सत्र का संचालन किशोर मंडल प्रभारी अरिहंत गुजारनी द्वारा किया गया। मंत्री नीरज सुराणा ने आभार प्रदर्शित किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।
