महापुरुषों के मार्गदर्शन से सुधरता है जीवन : साध्वी जयश्रीजी
हैदराबाद, साध्वी जयश्रीजी ने हुकुमचंद म.सा के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भव्य आत्माओं के नाम व जीवन चरित्र का जाप करने से जीवन में आनंद आता है। महापुरुषों के मार्गदर्शन से जीवन को सुधारने का सुअवसर प्राप्त होता है। महापुरुषों के जाप से शत्रु भी मित्र बन जाते हैं और जीवन में ऋद्धि-सिद्धि के भंडारे भर जाते हैं। टोडा शहर के अनमोल रत्न पूज्य हुक्मीचंदजी म.सा की संयम साधना से जुड़े हुए प्रभावशाली छंद का स्मरण तीन तीर्थंकरों के बीच एक साथ एक स्वर में किया गया।
आचार्य ने संयम की जबरदस्त व उग्र कठोर साधना की है। वे कड़कड़ाती सर्दी में भी विहार कर स्थानक पधारते थे। उपाश्रय में खिड़किया खुली रहने पर भी वे उन्हें बंद नहीं करते और न ही किसी से बंद करवाते थे। सर्दी में भी वे संयम साधना से डगमगाते नहीं थे। आचार्य प्रवर ने 21 वर्ष तक मीठे का त्याग किया और बेले तप की आराधना की है। उन्होंने 200 नमोत्थुनं का जाप प्रतिदिन कर कर्मों की महा निर्जरा की।
साध्वी जयश्रीजी के सानिध्य में धर्म सभा और संस्कार शिविर
उक्त उद्गार वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ ग्रेटर हैदराबाद के तत्वावधान में काचीगुड़ा स्थित पूनमचंद गांधी जैन स्थानक में चातुर्मासिक धर्म सभा को संबोधित करते हुए श्रमण संघीय राजस्थान वीरांगना साध्वी जयश्रीजी म.सा आदि ठाणा-3 ने व्यक्त किये। संघ के मंत्री धर्मेंद्र नाहर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंच वर्ण के एकासने का चतुर्थ दिवस जप दिवस के रूप में साध्वी जयश्रीजी म.सा के सानिध्य में मनाया गया, जिसमें हुकुमचंदजी म.सा का छंद जाप सामूहिक रूप से सम्पन्न हुआ।
अवसर पर साध्वी जयश्रीजी म.सा ने कहा कि गुरुवर के नाम का जाप करने से भूत-प्रेत की बाधा से मुक्ति मिलती है और सुख संपत्ति की प्राप्ति होती है। महात्यागी हुकुमचंद म.सा सदैव आत्म ज्ञान में रमे रहते थे। आपका नाम जपने से शरीर के रोग भी मिट जाते हैं और शरीर निरोगी बन जाता है। गुरुवर के नाम की बहुत महिमा है, जो बिगड़े काम भी संवार देते हैं। साध्वी राजश्री ने भी गुरुवर के जीवन प्रसंग का उल्लेख किया और साध्वी समीक्षाजी म.सा ने गीतिका के माध्यम से गुरुवर की वंदना की।
नवपद ओली एवं मुनिजी पुण्य स्मरण आयोजन
धर्म सभा का लता पितलिया ने संचालन कर संघ व चातुर्मास की गतिविधियों का विवरण दिया। बच्चों में धर्म संस्कार का बीजारोपण करने के लिए आगामी 22 से 27 सितंबर तक संघ व जैन स्वध्यायी संघ काचीगुड़ा हैदराबाद के तत्वावधान में 43वां जैन धार्मिक संस्कार शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का समय प्रात 9.15 से मध्याह्न 3.15 बजे तक रहेगा। सोमवार 29 सितंबर के 7 अक्तूबर तक शाश्वत नवपद आसोज मासओली के आयोजन के तहत प्रतिदिन सुबह 9.15 से 10.15 बजे तक श्रीपाल चारित्र का वंचन रहेगा।
नवपद ओली के लाभार्थी परिवार मुल्तानमल प्रकाशचंद पद्मा देवी बरमेचा परिवार इसामिया बाजार हैं। नवपद ओली करने वाले तपस्वियों को प्रभावना किशनलाल धन्नी बाई चमनलाल अनिल मुथा परिवार द्वारा दी जाएगी। कार्यक्रम का संयोजन चंदनबाला महिला मंडल एवं चंदनबाला बहू मंडल द्वारा किया जा रहा है।
यह भी पढ़े : मन को केंद्रित करने के लिए ध्यान आवश्यक : साध्वी जयश्रीजी
पंच दिवसीय कार्यक्रम के तहत कल 21 सितंबर को शताब्दी नायक उपाध्याय प्रवर गुरुदेव मूलमुनिजी म.सा के जन्मदिन के पावन प्रसंग पर पुण्य स्मरण दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर गुरु दिवाकर चालीसा का जाप सुबह 9 बजे से प्रारम्भ होगा। 9.30 बजे तक आने वालों को लक्की ड्रॉ के तहत 11 चांदी के सिक्के प्रदान किये जाएगे। 21 सितंबर के लक्की ड्रॉ के लाभार्थी सोहनलाल अशोककुमार ध्रुव तातेड़ मरुधर केमिकल्स सिकंदराबाद हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



