अमेरिका ने ब्रिटेन के साथ प्रौद्योगिकी समझौता किया स्थगित
अमेरिका, अमेरिका ने इस वर्ष की शुरुआत में ब्रिटेन के साथ किए गए प्रौद्योगिकी समझौते को स्थगित कर दिया है। इस समझौते का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम कंप्यूटिंग और असैन्य परमाणु ऊर्जा के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना था। यह जानकारी फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटिश अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अमेरिका ने पिछले सप्ताह इस समझौते को रोक दिया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने प्रौद्योगिकी साझेदारी से इतर व्यापार से जुड़े कुछ क्षेत्रों में ब्रिटेन से रियायतें देने का दबाव बनाया है। अमेरिकी अधिकारी ब्रिटेन की ओर से तथाकथित गैर-शुल्क बाधाओं को दूर करने में अनिच्छा को लेकर लगातार असंतोष जता रहे थे। इन बाधाओं में खाद्य पदार्थों और औद्योगिक वस्तुओं से संबंधित नियम और विनियम शामिल हैं, जिन्हें अमेरिका व्यापार में अवरोध मानता है।
उल्लेखनीय है कि सितंबर माह में राष्ट्रपति ट्रंप की ब्रिटेन यात्रा के दौरान दोनों देशों ने ‘प्रौद्योगिकी समृद्धि समझौते’ पर सहमति जताई थी। इस समझौते का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम कंप्यूटिंग और असैन्य परमाणु ऊर्जा जैसे उभरते क्षेत्रों में आपसी सहयोग को बढ़ाना था।
यह भी पढ़ें… गूगल ने लॉन्च किया हेडफ़ोन में रीयल-टाइम अनुवाद सुविधा
अमेरिका ब्रिटेन का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और वहां की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियां ब्रिटेन में पहले ही अरबों डॉलर का निवेश कर चुकी हैं। ऐसे में इस समझौते का स्थगन दोनों देशों के आर्थिक और तकनीकी संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



