उप्र : बिजनौर में एसटीएफ ने आईबी के फर्जी उपनिदेशक को गिरफ्तार किया
बिजनौर, उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की टीम ने यहां खुद को खुफिया ब्यूरो (आईबी) का उपनिदेशक बताकर अधिकारियों पर धौंस जमाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मनोज चौहान निवासी मोहम्मदपुर त्रिलोकवाला थाना नगीना देहात (बिजनौर) के रूप में हुई है। एसटीएफ की मेरठ इकाई के निरीक्षक रविंद्र कुमार ने शनिवार को बताया कि शिकायत के आधार पर शुक्रवार शाम धामपुर में नगीना मार्ग पर आईबी के फर्जी उपनिदेशक मनोज चौहान को गिरफ्तार किया गया। आरोपी व्यक्ति पुलिस और प्रशासन के अन्य विभागों के अधिकारियों पर धौंस जमाता था।
नोज चौहान ने अपने ज्ञान और फार्मेसी के नाम पर किया धोखा
कुमार ने बताया कि मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ ने शनिवार को जारी एक बयान में आरोपी से की गई पूछताछ के हवाले से बताया कि मनोज चौहान विज्ञान में स्नातकोत्तर है तथा अपोलो मेडिकल एजेंसी नाम की फार्मेसी चलाता है, जिसका लाइसेंस उसकी पत्नी के नाम से था। बयान के अनुसार आरोपी ने अपने गांव में और आस-पास के लोगों को बताया था कि उसकी नौकरी खुफिया ब्यूरो (आईबी) दिल्ली में लगी है और वह उपनिदेशक के पद पर तैनात है।
यह भी पढ़े: प्रोफेसर भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया जाए – वीएचपी
चौहान ने आईबी के उपनिदेशक का अपना फर्जी कार्ड भी बना लिया था तथा वह फर्जी कार्ड अपने परिचित लोगों को दिखाकर उनके काम सरकारी विभाग के अधिकारियों से कराने के नाम पर अवैध वसूली करने लगा। मनोज चौहान ने खुद को आईबी का उपनिदेशक बताकर बिजनौर तथा अन्य जिलों में पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, न्याय विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क किया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बिजनौर जिले के धामपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



