वरुण धवन : दर्शकों के लिए हर जॉनर जरूरी
मुंबई, अभिनेता वरुण धवन का कहना है कि उनकी आगामी फिल्म “सनी संसकारी की तुलसी कुमारी”, जो बॉक्स ऑफिस पर “कांतारा: चैप्टर 1” से टकराने जा रही है, में अच्छा प्रदर्शन करने की पूरी क्षमता है, जैसे कि ऋषभ शेट्टी की फिल्म ने किया था। शेट्टी की 2022 की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म “कांतारा” का यह प्रीक्वल 2 अक्तूबर को रिलीज़ होगा, उसी दिन जब “सनी संसकारी की तुलसी कुमारी” भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस फिल्म में वरुण धवन के साथ जान्हवी कपूर, सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ भी हैं।
धवन ने कहा कि कांतारा बहुत बड़ी फिल्म है। पहली फिल्म शानदार थी; मुझे भी बहुत पसंद आई थी, लेकिन हमारी फिल्म उससे बहुत अलग है और हर तरह की फिल्मों के लिए जगह है। हमारे ट्रेलर को लोगों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है; हम अपनी फिल्म के ज़रिए सभी का मनोरंजन करना चाहते हैं। लोग वैसे भी ज़िंदगी में, फाइनेंस आदि को लेकर तनाव में हैं, यह फिल्म उन्हें खुशी देगी।
अभिनेता ने कहा कि फिल्म की रिलीज़ डेट का निर्णय धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा लिया गया। धवन ने कहा कि डेट तय करना प्रोडक्शन हाउस का काम होता है और धर्मा प्रोडक्शंस कई सालों से फिल्में बना रही है। 2 अक्तूबर बहुत बड़ी तारीख है, उस दिन दशहरा और गांधी जयंती दोनों हैं, तो बिजनेस ज़्यादा होगा। मुझे लगता है कि सिर्फ हिंदी में लगभग 70 करोड़ रुपये का बिजनेस हो सकता है।
वरुण ने जान्हवी-सान्या को बताया रॉकस्टार
38 वर्षीय अभिनेता ने अपनी सह-कलाकारों सान्या मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की पेशेवर उपलब्धियों के लिए उनकी प्रशंसा की। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मेरे साथ सान्या हैं, जिनकी तीन फिल्में ‘जवान’, ‘सैम बहादुर’ और ‘काठल’ ने राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं, और जान्हवी जिनकी फिल्म ‘होमबाउंड’ ऑस्कर के लिए जा रही है। इन लड़कियों ने इंडस्ट्री में बड़ी छलांग लगाई है। धवन ने आगे कहा कि फिल्म इंडस्ट्री को हमारी महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए सराहा जाना चाहिए।
असमानता को लेकर बहुत कुछ कहा जा रहा है, और यह प्रक्रिया जारी है। हमें इस अंतर को भरते रहना चाहिए। हमारे पास सान्या और जान्हवी जैसे दो रॉकस्टार हैं जो वैश्विक मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। सान्या और जान्हवी ने वरुण धवन की सराहना करते हुए उन्हें सहायक सह-कलाकार बताया।
सान्या ने कहा कि मुझे कभी महसूस नहीं हुआ कि मैं किसी सुपरस्टार के साथ काम कर रही हूं; आपने हमें बहुत सहज महसूस कराया। मुझे याद है कि हम एक गाना शूट कर रहे थे; मैंने कभी इतना बड़ा गाना शूट नहीं किया था, मैंने उनसे पूछा ‘कैसे करें, कोई टिप्स?’ और उन्होंने मुझे कुछ सुझाव दिए। वो चाहते हैं कि सेट पर हर कोई अपना सर्वश्रेष्ठ दे।
जान्हवी ने वरुण को कहा गाइड, सनी संसकारी खुशमिजाज फिल्म
जान्हवी, जो 2023 की फिल्म “बवाल” के बाद धवन के साथ दूसरी बार काम कर रही हैं, ने कहा कि अभिनेता उनके करियर में “गाइडिंग लाइट” रहे हैं। वो हर किसी के साथ समान व्यवहार करते हैं, चाहे वह स्पॉट दादा हों या लाइट दादा। वो हर किसी की बात को महत्व देते हैं। एक लीडिंग मैन का इस तरह असुरक्षित न होना और दूसरों को आगे बढ़ाने में गर्व महसूस करना दुर्लभ है, वो खुश होते हैं अगर हम सभी की तारीफ होती है। ये बहुत दुर्लभ है।
“सनी संसकारी की तुलसी कुमारी” एक रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म है, जो दो पूर्व प्रेमियों के इर्द-गिर्द घूमती है जो पुराने रिश्ते को फिर से जोड़ने की कोशिश करते हैं, जिससे मज़ेदार उलझनें और एक नया, अप्रत्याशित रोमांस पैदा होता है। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म में मनीष पॉल, अक्षय ओबेरॉय और अन्य कलाकार भी शामिल हैं।
यह भी पढ़े : http://वरुण धवन की ‘सनी संस्कारी…’ और ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा चैप्टर 1’ में होगी सीधी टक्कर?
धवन ने कहा कि हम इस फिल्म से आपकी ज़िंदगी में कोई बड़ा बदलाव लाने का वादा नहीं करते, लेकिन हम ये ज़रूर वादा करते हैं कि यह आपका मूड बदल देगी। यह कोई ज्ञान देने वाली फिल्म नहीं है, यह सिर्फ एक फिल्म देखने और चेहरे पर मुस्कान के साथ लौटने वाली फिल्म है। यह एक खुशमिजाज फिल्म है, जो आज के समय में ज़रूरी है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



