सत्ता में आने पर सिकंदराबाद को बनाएँगे अलग जिला : केटीआर
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव ने सिकंदराबाद का मल्काजगिरी में विलय किए जाने के सरकार के प्रयास का विरोध किया, वहीं विश्वास जताते हुए वादा किया कि तेलंगाना में बीआरएस फिर से सत्ता में लौटेगी। सत्ता में आने के बाद सिकंदराबाद को अलग जिला बनाया जाएगा।
भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए केटीआर ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को तुगलक बताया और कहा कि नगरद्वय के तौर पर हैदराबाद व सिकंदराबाद की अपनी ऐतिहासिक पहचान है और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ऐतिहासिक सिकंदराबाद का अस्तित्व मिटाने के जो प्रयास कर रहे हैं, वह बंद करें।
केटीआर का हमला: रेवंत के तुगलकी फैसलों पर बीआरएस निंदा
केटीआर ने कहा कि सिकंदराबाद के अस्तित्व की रक्षा के लिए सिकंदराबाद की जनता की मांग के समर्थन में तेलंगाना भवन से निकाले जाने वाली शांति रैली को अनुमति न देकर बीआरएस के विधायकों, पार्षदों व जनप्रतिनिधियों को हाउस अरेस्ट करके रेवंत सरकार ने तुगलक की तरह व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि अपने तुगलकी निर्णय के चलते ही रेवंत रेड्डी सरकार ने सिकंदराबाद की ऐतिहासिक पहचान मिटाने के प्रयास किए हैं।
केटीआर ने कहा कि जनता को जो गारंटियां देकर वादे किए हैं, उन्हें पूरे करने के उद्देश्य से जनता ने कांग्रेस को वोट दिया है। अब मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के व्यवहार से साबित होने लगा है कि पागल के हाथ में पत्थर दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि फ्यूचर सिटी निर्माण करने तथा पूर्व केसीआर सरकार के शासन में जो जिले बनाये गए हैं 10 साल बाद उनका स्वरूप बदलने के प्रयासों की बीआरएस निंदा करती है।
केटीआर ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी जान लें, सत्ता शास्वत नहीं रहती है। पद कुछ समय के लिए है। उन्होंने कहा कि बीआरएस के सत्ता में आने के बाद जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। तेलंगाना भवन से शांति रैली निकालने जा रहे भारास कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अनुमति नहीं है, कहते हुए रोका। जब बात नहीं बनी, तो कुछ को पुलिस हिरासत में लेकर चली गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



