महिला दक्षता समिति शिक्षण संस्थान ने डॉ. अहिल्या मिश्रा को अर्पित की श्रद्धांजलि
हैदराबाद, महिला दक्षता समिति द्वारा संचालित शिक्षण संस्थान की अध्यक्ष डॉ. सरोज बजाज, ट्रस्टियों, कार्यकारी सदस्यों, प्राचार्य एवं समस्त छात्राओं ने हिन्दी की प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. अहिल्या मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की। महिला दक्षता समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज बजाज ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हिन्दी साहित्य की प्रमुख हस्ताक्षरों में से एक अहिल्या मिश्रा का निधन हिन्दी जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है। मेरा और उनका लगभग 40 वर्षों का आत्मीय संबंध रहा है।
गत 20 अगस्त को उन्होंने महिला दक्षता समिति शिक्षण संस्थान में कादम्बिनी क्लब, हैदराबाद के तत्वावधान में कविता संगोष्ठी का आयोजन किया था, जिसके आयोजन से वह अत्यंत प्रसन्न थीं। डॉ. अहिल्या मिश्रा केवल एक समर्पित हिन्दी की साधिका, कवयित्री एवं लेखिका ही नहीं, अपितु प्रमुख समाजसेविका भी थीं। आंध्र प्रादेशिक, हैदराबाद-सिकंदराबाद एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने संपूर्ण जीवन हिन्दी साहित्य, सामाजिक चेतना एवं स्त्री शिक्षा के उत्थान को समर्पित किया।
वह प्रगतिशील विचारों की समर्थक तथा मानवता की सच्ची उपासक थीं। उनकी सादगी, उदारता, दूरदृष्टि और प्रेरणादायी व्यक्तित्व ने समाज पर अमिट छाप छोड़ी है। वह नए कवियों, कथाकारों एवं साहित्यकारों को मंच प्रदान कर सदैव प्रोत्साहित करती थीं। हिन्दी साहित्य प्रेमी उनके मार्गदर्शन, आदर्शों एवं साहित्यिक योगदान को सदैव स्मरण करते रहेंगे। साहित्य जगत में उनके निधन से हुई क्षति की पूर्ति होना असंभव है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति दें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



