बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के लिए लाइफस्टाइल स्टेटमेंट बना योग

बॉलीवुड में अब फिटनेस केवल ट्रेंड नहीं बल्कि लाइफस्टाइल स्टेटमेंट भी बन चुकी है और इस बदलाव के केंद्र में है- योग। जहाँ पहले जिम और बॉडी बिल्डिंग को फिटनेस का पर्याय माना जाता था, वहीं आज बड़े-बड़े सेलिब्रिटीज, चाहे वो सिने जगत के हों या फिर किसी और दुनिया के, सब योग को शारीरिक मजबूती, मानसिक संतुलन और दीर्घायु का भरोसेमंद माध्यम मानते हैं। दिलचस्प बात यह है कि ये सितारे केवल योग करते ही नहीं हैं, बल्कि अलग-अलग प्रकार के योगासनों, प्राणायाम और ध्यान पद्धतियों का अपने-अपने ढंग से प्रचार भी करते हैं। क्योंकि इनकी बहुत बड़ी फैन फालोइंग है, जो वह सब करना चाहती है, जो ये बॉलीवुड स्टार करते हैं। आइये देखते हैं, कौन-सा स्टार, कौन-सा योगासन करना पसंद करता है।

अक्षय कुमार : अष्टांग योग के प्रतीक

ये सबसे अनुशासित और सबसे फिट अभिनेता हैं। अक्षय सुबह 4 बजे उठकर जोगिंग करने के बाद अष्टांग योग, सूर्य नमस्कार और प्राणायाम तथा ध्यान नियमित रूप से करते हैं। उनका मानना है कि योग शरीर को भीतर से मजबूत बनाता है और उम्र बढ़ने के बावजूद ऊर्जा बनाये रखता है। वह जिन योगासनों को बड़ी दिलचस्पी से करते हैं, उनमें सूर्य नमस्कार, भुजगांसन, वृक्षासन और अनुलोम-विलोम प्राणायाम शामिल है।

शिल्पा शेट्टी : योग की ब्रांड अंबेस्डर

सिर्फ बॉलीवुड में ही नहीं, महिलाओं में भी योग को शिल्पा शेट्टी ने ही इतना लोकप्रिय बनाया है। वह पहली ऐसी अभिनेत्री हैं, जो अपनी योग गतिविधियों की इस सदी के शुरुआती सालों में सीडी और डीवीडी बनाया करती थीं। और उनकी अच्छी खासी डिमांड हुआ करती थी। शिल्पा शेट्टी के नियमित तौर पर शीर्षासन, नौकासन, धनुरासन और त्रिकोणासन करना पसंद है। उनका मानना है, योग शारीरिक के साथ ही मानसिक तौर पर भी स्वस्थ बनाता है।

करीना कपूर : गर्भावस्था के लिए योग को हिट बनाया

जब करीना कपूर गर्भवती थीं, नियमित योग करती थीं और उनके वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होते थे। उनसे प्रेरित हो, अनेक युवतियों ने गर्भावस्था में भी योग करना शुरू किया। करीना कपूर योग के जरिये पोस्ट फिटनेस आइकन बनी हैं। वो मुख्य रूप से प्रेनेटल योग, पिलेट्स योग, मिक्स और ध्यान करती हैं। उनका कहना है इसी के चलते वह पोस्ट डिलिवरी टाइम में जल्द से जल्द रिकवरी करने और अपना बेहतर स्टेमिना पाने में सफल रही हैं। करीना कपूर को बद्धकोण आसन, ताड़ासन, सुखासन और हल्का प्राणायाम करना पसंद है। योग को बॉलीवुड और उसके बाहर आकर्षक बनाने में करीना कपूर का भी योगदान है।

मलाइका अरोड़ा : फ्लैक्सीबिलीटी की मिसाल

50 पार की उम्र में भी मलाइका अरोड़ा जैसा लचीलापन एक मिसाल है। वे नियमित रूप से हठ योग, अष्टांग योग और पॉवर योग करती हैं। उन्हें शीर्षासन, पासन और सूर्य नमस्कार खास पसंद हैं। उनके मुताबिक योगासन सिर्फ बॉडी को शेप ही नहीं देते बल्कि आपको अनुशासित भी करते हैं।

टाइगर श्राफ : मार्शल आर्ट्स के साथ योग

नई पीढ़ी के सबसे लचीली बॉडी वाले चुस्त-दुरुस्त अभिनेता टाइगर श्राफ ही हैं। वे अपनी जबर्दस्त एथलेटिक बॉडी के लिए सम्मान पाते हैं। टाइगर श्राफ वास्तव में मार्शल आर्ट्स और योग के मिश्रण का अपनी सेहत के लिए जबर्दस्त इस्तेमाल करते हैं। टाइगर मूलत स्ट्रेचिंग आधारित आसनों पर जोर देते हैं ताकि उनका शरीर न केवल लचीला बना रहे बल्कि फिल्मी शूटिंग के दौरान लगने वाली चोटों से भी सुरक्षित रहे। टाइगर जो आसन मुख्यत करना पसंद करते हैं, उनमें हनुमान आसन, अधोमुख श्वानासन, वृक्षासन और प्रणायाम विशेष रूप से हैं।

सेलिब्रिटीज को क्यों पसंद है योग

फिल्मी हीरोज को शूटिंग करते हुए जो कई तरह के स्टंट करने पड़ते हैं, उनमें अकसर चोट लगने की आशंका बनी रहती है। डांस के कारण भी शरीर में चोट और मोच का खतरा रहता है। योग इस तरह के खतरों को दूर करता है। इसलिए बॉलीवुड के सितारों को योग बहुत पसंद आता है। इससे उन्हें मानसिक शांति भी मिलती है। चूंकि फिल्म इंडस्ट्री में वर्किंग शिड्यूल बहुत हैक्टिक होता है। इसलिए फिल्मी सितारे अकसर पब्लिक प्रेशर का शिकार होते हैं, जिनसे उन्हें मानसिक बेचैनी होती है।

नियमित प्रयोग और प्राणायाम इस तरह के तनाव घटाते हैं। साथ ही लंबी उम्र तक उन्हें फिट रखते हैं और यह फिटनेस मशीनी नहीं लगती बल्कि बिल्कुल नैचुरल लगती है। लेकिन बॉलीवुड हीरोइनें सिर्फ इसीलिए योग को तरजीह नहीं देतीं, बल्कि वे अकसर अपना स्टेमिना बढ़ाने, फ्लैक्सिविलीटी और टोंड बॉडी के लिए योग करना पसंद करती हैं। बहरहाल, वजह चाहे जो हो, सच बात यही है कि शारीरिक चुस्ती, फुर्ती और लचीलेपन के लिए फिल्म इंडस्ट्री के लोगों की पहली पसंद योगा है।

दिव्यज्योति नंदन

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button