252 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन बरामद, दुबई से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मुंबई, मुंबई पुलिस ने 252 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन जब्ती मामले में एक प्रमुख आरोपी को दुबई से प्रत्यर्पित किये जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि मोहम्मद सलीम मोहम्मद सोहेल शेख को कुछ दिन पहले दुबई में सहयोगी एजेंसियों ने हिरासत में लिया था और बाद में उसे मुंबई लाया गया। अधिकारी ने बताया कि शेख के खिलाफ एक रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।
एक अधिकारी ने बताया कि शेख देशभर में मादक पदार्थ बनाने वाली फैक्ट्रियां स्थापित करने की कोशिश कर रहा था और मेफेड्रोन मादक पदार्थ (एक शक्तिशाली कृत्रिम उत्तेजक) को वितरित करने के तरीके ढूंढ रहा था। उन्होंने बताया कि यह तीसरा आरोपी है जिसे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लाया गया है। इससे पहले, मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के सरगना सलीम डोला के बेटे आरोपी ताहिर सलीम डोला और मुस्तफा मोहम्मद कुब्बावाला को शहर की पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
यह भी पढ़े: महाराष्ट्र : मालेगांव में 5.8 लाख की मेफेड्रोन ड्रग्स जब्त, तीन गिरफ्तार
अधिकारियों ने यह भी बताया कि मुंबई पुलिस ने पहले पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक विनिर्माण इकाई पर छापा मारकर एक मेफेड्रोन आपूर्ति रैकेट का भंडाफोड़ किया था और 252 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ तथा कच्चा माल (अवैध सामग्री बनाने के लिए) जब्त किया था। इस मामले में अब तक कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



