25वीं दीक्षांत परेड : 105 हैंडलर और 76 पुलिस डॉग्स बने सुरक्षा के नए सिपाही
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र आईआईटीए मोइनाबाद में पुलिस के खोजी डॉग्स की 25वीं दीक्षांत परेड संपन्न हुई। इस अवसर पर उपस्थित तेलंगाना के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलीजेन्स) विजय कुमार ने परेड की सलामी ली। परेड को संबोधित करते हुए विजय कुमार ने कहा कि पुलिस डॉग्स केवल जानवर नहीं, बल्कि आपराधिक मामलों की जाँच-पड़ताल और जन सुरक्षा के मामलों में एक अनुशासनबद्ध व भरोसेमंद भागीदार हैं। उन्होंने कहा कि आपराधिक जाँच-पड़ताल से लेकर सुरक्षा संबंधी कार्यों में सफलता के लिए पुलिस डॉग्स और इनका संचालन करने वाले पुलिसकर्मियों के बीच मजबूत समन्वय आवश्यक है। उन्होंने भरोसा जताया कि दीक्षांत परेड के बाद फील्ड में उतरने वाली यह नई टीम अपराधियों पर नकेल कसने के अलावा विस्फोटक सामग्री तथा ड्रग्स का पता लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।







विजय कुमार ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में फँसे लोगों की तलाश करने में भी पुलिस डॉग्स की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। कई तलाशी और राहत कार्यों में पुलिस डॉग्स ने लोगों की जान बचाने में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस नई टीम से पुलिस विभाग की गुणवत्ता और मजबूत होगी। उन्होंने पुलिस डॉग्स को ट्रेनिंग देने वाले अधिकारियों और स्टाफ की प्रशंसा की, जिन्होंने पेशेवर और असरदार तरीके से पुलिस डॉग्स को प्रशिक्षित किया। 8 महीने की कड़ी और साइंटिफिक ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद 105 हैंडलर (संचालक) और 76 पुलिस डॉग्स पुलिस विभाग में कार्य करने के लिए तैयार हैं। वर्तमान बैच में तेलंगाना के 42 डॉग्स, बिहार सीआईडी पुलिस के 30 और सीआईएसएफ के चार पुलिस डॉग शामिल हैं।
यह भी पढ़ें… आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के लिए चयन रैली अप्रैल में
919 डॉग्स और 1310 हैंडलर प्रशिक्षित
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंटेलीजेन्स सेक्युरिटी विंग के ओएसडी वी.बी. कमलासन रेड्डी ने कहा कि वर्ष 2004 में स्थापित यह प्रशिक्षण केंद्र देश का सबसे अच्छा पुलिस डॉग्स प्रशिक्षण संस्थान बन गया है। वर्तमान समय तक इस संस्थान में विभिन्न राज्यों के 919 पुलिस डॉग्स और उनके 1,310 हैण्डलरों को प्रक्षिशित किया गया। उन्होंने बताया कि तेलंगाना पुलिस ने 67 और 68वें अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट में पहला स्थान हासिल किया था, जिसमें इस संस्थान ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था।
यह इस संस्थान द्वारा प्रशिक्षण की उच्च स्तरीय गुणवत्ता को दर्शाता है। संस्थान में 650 यार्ड का कैनाइन ओलफेक्शन पार्क और एक स्टेट ऑफ द आर्ट वेटरनरी अस्पताल शामिल है, जो डॉग्स के स्वास्थ्य और उनके फिटनेस तथा उनकी कार्य संबंधी क्षमता को निरंतर बनाए रखने में मदद करता है। इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले डॉग्स और उनके हैंडलर को अवार्ड दिए गए, जिनमें विस्फोटक तलाश करने की कैटेगिरी में सीआईएसएफ के वी. भास्कर राव (लीयो डॉग), ड्रग्स तलाश करने की कैटेगिरी में बिहार के सुदर्शन कुमार (चार्ली डॉग), ट्रैकर कैटेगिरी में रामागुंडम के एम. श्रीनाथ (रॉकी डॉग), फिजिकल परफार्मेंस टेस्ट कैटेगिरी में करीमनगर के बी. नितिन को अवार्ड दिया गया।
इसके अलावा अलग-अलग ब्रिड की कैटेगिरी में सिंधू कुमार, बी. कृष्णा, विशाल कुकाला, वी. कुमार स्वामी और बी. नरेश बाबू को अवार्ड दिया गया। के. संतोष राकाला, पी. गोपी और बबिता कुमारी को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। एम. सुरेश रेड्डी ने परेड का नेतृत्व किया। इस कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक कार्तिकेय, पुलिस अधीक्षक अपूर्व राव, करुणाकर, चक्रवर्ती, अकादमी ट्रेनिंग कंसल्टेंट माणिकराज व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



