मछली कमान के पुनरुद्धार पर खर्च होंगे 3.64 करोड़ : जूपल्ली कृष्णा राव
हैदराबाद, पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री जूपल्ली कृष्णा राव ने कहा कि राज्य सरकार हैदराबाद के प्रतिष्ठित ऐतिहासिक धरोहरों को विश्व-स्तरीय पर्यटन स्थलों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। जूपल्ली कृष्णा राव ने आज चारमीनार और चौमहल्ला पैलेस सहित विभिन्न ऐतिहासिक धरोहरों का दौरा किया। उनके साथ चारमीनार विधायक मीर जुल्फेकार अली, पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक गौतमी और पुरातत्व निदेशक अर्जुन राव उपस्थित थे।
मंत्री ने सरकार द्वारा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए किये जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि क़ुली क़ुतुबशाह शहरी विकास प्राधिकरण ने ऐतिहासिक मछली कमान के पुनरुद्धार के लिए 3.64 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। कार्यों की समय पर शुरुआत सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को शेर-ए-बातिल कमान के नवीनीकरण का कार्य शुरू करने और चारमीनार के पास स्थित फव्वारे के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों के लिए इसका आकर्षण बढ़ाया जा सके।
मंत्री ने कहा कि नई पर्यटन नीति के तहत राज्य भर में पर्यटन केंद्रों का विकास सुव्यवस्थित किया जा रहा है। अवसंरचना विकास के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल अपनाकर सरकार राजस्व को बढ़ाने के साथ स्थानीय समुदायों के लिए स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करना चाहती है।
यह भी पढ़ें… हड़ताल वापस लें आरटीसी कर्मचारी सरकार बातचीत को तैयार : पोन्नम
शहर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि हैदराबाद को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने हेतु विशेष मास्टर प्लान तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौमहल्ला पैलेस जैसी ऐतिहासिक धरोहर की वास्तुकला की मौलिकता को संरक्षित रखते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध करायी जा रही हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



