जर्मन बैंड ‘स्कॉर्पियंस’ ने भारत दौरा रद्द किया
नयी दिल्ली, जर्मन रॉक बैंड ‘स्कॉर्पियंस’ ने उसके सदस्यों को प्रभावित करने वाली ‘अप्रत्याशित स्वास्थ्य समस्याओं’ के कारण भारत में अपने शो रद्द कर दिए हैं। यह बैंड ‘विंड ऑफ चेंज’ और ‘ब्लैकआउट’ जैसे हिट गानों के लिए मशहूर है। गिटारवादक रुडोल्फ शेनकर द्वारा 1965 में हनोवर में स्थापित यह बैंड 21 अप्रैल को शिलांग के जेएन स्टेडियम, 24 अप्रैल को दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हुडा ग्राउंड्स, 26 अप्रैल को बेंगलुरु में एनआईएसई ग्राउंड्स और 30 अप्रैल को मुंबई के जियो गार्डन्स, बीकेसी में प्रस्तुति देने वाला था।
सभी टिकट का पैसा सात से 10 कार्य दिवसों के भीतर वापस कर दिया जाएगा
‘बुकमायशो लाइव’ ने ‘कमिंग होम’ इंडिया टूर का आयोजन और प्रचार किया था। आयोजकों ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर शो रद्द किए जाने की घोषणा की। आयोजकों ने पोस्ट में लिखा, ‘हमें आपको यह सूचित करते हुए खेद है कि स्कॉर्पियंस का ‘कमिंग होम’ इंडिया टूर, जो 21 अप्रैल को शिलांग, 24 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर, 26 अप्रैल को बेंगलुरु और 30 अप्रैल को मुंबई में होने वाला था, बैंड के सदस्यों की अप्रत्याशित स्वास्थ्य समस्याओं के कारण रद्द कर दिया गया है।’
नोट में लिखा, ‘हम प्रशंसकों को हुई असुविधा और निराशा के लिए क्षमा चाहते हैं। ‘बुकमायशो’ पर खरीदे गए सभी टिकट का पैसा सात से 10 कार्य दिवसों के भीतर वापस कर दिया जाएगा।’ (भाषा)
यह भी पढ़े– ब्रिटेन में सिख समूह इस्लामोफोबिया की परिभाषा को चुनौती देने को जुटा चंदा
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






