पश्चिम बंगाल चुनाव : ‘गंभीर कदाचार’ पर 5 पुलिस अधिकारी निलंबित
कोलकाता, निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने और ‘‘गंभीर कदाचार’’ के मामले में राज्य सरकार को डायमंड हार्बर के पांच पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने तथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में कहा कि यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) द्वारा पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
जिन अधिकारियों को निलंबित किया जाना है, उनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गराई, अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सजल मंडल, डायमंड हार्बर थाना प्रभारी मौसम चक्रवर्ती, फाल्टा थाना प्रभारी अजय बाग और उस्ती थाना प्रभारी अधिकारी सुभेच्छा बाग शामिल हैं।
चुनाव में निष्पक्षता पर सवाल, आयोग ने सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
निर्वाचन आयोग (ईसी) ने अपने आदेश में कहा, ‘‘आयोग मामले के तथ्यों और परिस्थितियों पर विचार करने के बाद निर्देश देता है कि इन अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने एवं गंभीर कदाचार के लिए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की जाए।’’
आयोग ने राज्य सरकार को यह भी निर्देश दिया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गराई के संबंध में रिपोर्ट गृह मंत्रालय में उनके काडर नियंत्रक प्राधिकरण को भेजी जाए। गराई भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं।
यह भी पढ़े : चंडीगढ़ में पुलिस से मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
इसने राज्य सरकार से कहा कि चुनाव संबंधी ड्यूटी में अधीनस्थ अधिकारियों के बीच ‘‘अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में विफल’’ रहने पर डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक ईशानी पाल को चेतावनी जारी की जाए। निर्वाचन आयोग ने राज्य प्रशासन को निर्देशों को तत्काल लागू करने और आज शनिवार को अनुपालन रिपोर्ट सौंपने को कहा। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





