बांदा में सर्राफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
बांदा (उप्र), बांदा जिले के बबेरू कस्बे में शुक्रवार देर शाम एक सर्राफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना के करीब दो घंटे बाद मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बांदा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पलाश बंसल ने बताया कि दूलथोक मोहल्ले के निवासी सर्राफा कारोबारी तेज प्रताप सोनी उर्फ पप्पू (42) को शुक्रवार देर शाम करीब पौने नौ बजे गोली मार दी गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना के दो घंटे बाद पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी असलम (55) को पकड़ लिया और मुठभेड़ के दौरान दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया।
यह भी पढ़े : चंडीगढ़ में पुलिस से मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पप्पू और आरोपी आपस में परिचित थे। प्रारंभिक जांच में संदेह है कि संभवत: शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद हुआ होगा। वहीं, कस्बे के व्यापारियों और मृतक के परिजनों ने बिना सूचना दिए शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का आरोप लगाते हुए मुख्य चौराहे पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात जाम कर दिया। हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद जाम खोला गया। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





