राज्य सरकार के अधीन हुई हैदराबाद मेट्रो रेल
हैदराबाद, हैदराबाद मेट्रो रेल को सरकार के अधीन किये जाने की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी हो गयी है। सरकार ने एलएंडटी के अधीन रही मेट्रो रेल को अपने अधीन ले लिया है। हैदराबाद मेट्रो रेल प्रथम चरण को एचएमआरएल के माध्यम से अधिग्रहित करने का निर्णय राज्य सरकार ने पहले ही लिया था। इस दिशा में एलएंडटी के साथ पिछले कुछ दिनों से चर्चा चल रही थी।



इसी क्रम में एचएमआरएल के चेयरमैन और राज्य सरकार के मुख्य सचिव के. रामकृष्णा राव, महानगरीय एवं शहरी विकास विभाग के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन, एचएमआरएल के प्रबंध निदेशक सरफराज अहमद तथा एलएंडटी, एलटीएमआरएचएल के प्रतिनिधियों की एक बैठक बुधवार को तेलंगाना सचिवालय में बैठक में संपन्न हुई।
बैठक में एलएंडटी और एलएंडटीमेट्रो रेल (हैदराबाद) लिमिटेड के साथ शेयर खरीद समझौता किया गया। इस समझौते के अनुसार एलटीएमआरएचएल के पास मौजूद शतप्रतिशत शेयर 1,461.47 करोड़ रुपए के इक्विटी मूल्य पर सरकार ने अपने अधीन कर लिए। समझौते पर एचएमआरएल की ओर से एमडी सरफराज अहमद, एलएंडटी की ओर से डी.के. सेन और एलटीएमआरएचएल की ओर से केवीबी रेड्डी ने हस्ताक्षर किए।
एलएंडटी गारंटी से 13,538 करोड़ कर्ज का रीफाइनेंस
इस समझौते के अनुसार एलएंडटी की गारंटी के साथ एलटीएमआरएचएल पर मौजूद 13,538.53 करोड़ रुपये के कर्ज (30 अप्रैल 2026 तक) को तेलंगाना सरकार की गारंटी पर रीफाइनेंस किया जाएगा। इस लेन-देन में आईडीबीआई कैपिटल ने ट्रांजैक्शन एडवाइजर की भूमिका निभाई, जबकि सराफ एंड पार्टनर्स ने कानूनी सलाहकार सेवाएं प्रदान कीं।
तेलंगाना सरकार के बयान में कहा गया है कि हैदराबाद में एल एंड टी मेट्रो रेल (हैदराबाद) लिमिटेड वर्ष 2017 नवंबर से तीन कॉरिडोर में कुल 69 किलोमीटर नेटवर्क के साथ मेट्रो पहले चरण का संचालन कर रही है। वर्तमान में मेट्रो में प्रतिदिन लगभग 4.50 लाख यात्री यात्रा कर रहे हैं। मेट्रो शुरू होने से अब तक लगभग 86 करोड़ यात्राएं दर्ज की गई हैं।
यह भी पढ़ें… एमएमसी स्थायी समिति की बैठक में बेहतर जनसेवाओं पर ज़ोर
हैदराबाद मेट्रो रेल पहले चरण को राज्य सरकार द्वारा अधिग्रहित किए जाने से प्रथम चरण और प्रस्तावित द्वितीय चरण नेटवर्क की रूपरेखा, कार्य, योजना, क्रियान्वयन और सेवाओं में बेहतर समन्वय संभव होगा। भविष्य में हैदराबाद शहर के लिए अधिक समग्र, भरोसेमंद और यात्री-अनुकूल मेट्रो नेटवर्क विकसित होने की उम्मीद है। मेट्रो अधिग्रहण समझौते से पहले मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से एल एंड टी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक एस.एन. सुब्रह्मण्यन ने शिष्टाचार भेंट की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



