आशु रेड्डी मामले की सुनवाई 4 मई तक स्थगित
हैदराबाद, विशाखापट्टनम की अभिनेत्री आशु रेड्डी द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी गई है, जिसमें उन्होंने एक एनआरआई व्यापारी से शादी करने का झाँसा देने के आरोप के चलते अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को रद्द करने की माँग की है।
विशाखापट्टनम की अभिनेत्री कोय्या वेंकट अश्विनी रेड्डी उर्फ आशु रेड्डी और उनकी माँ कोय्या यशोदा रेड्डी ने संयुक्त रूप से सीसीएस हैदराबाद पुलिस में उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को रद्द करने की माँग करते हुए याचिका दायर की है। हैदराबाद निवासी सत्यनारायण मूर्ति ने सीसीएस पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके पुत्र वी. धर्मेंद्र जो लंदन में है, से शादी करने का वादा कर उनके पास से बड़ी रकम वसूली गई है। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस जे. श्रीनिवास राव ने बुधवार को इस याचिका पर सुनवाई की।
यह भी पढ़ें… केवीपी की याचिका पर सुनवाई 17 जून तक स्थगित
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने दलील देते हुए कहा कि याचिकाकर्ता ने शादी के नाम पर कोई धोखाधड़ी नहीं की। उन्होंने कहा कि सभी आरोप झूठे हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं ने ही याचिकाकर्ता पर उनसे शादी करने के लिए दबाव डाला था। उन्होंने खुद अत्यधिक खर्च किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि शिकायतकर्ताओं ने स्वयं खर्च किए हैं, तो याचिकाकर्ता इसके लिए उत्तरदायी कैसे होगी। अतिरिक्त लोक अभियोजक ने विवरण जानने के लिए समय माँगा, जिस कारण न्यायाधीश ने मामले की सुनवाई 4 मई तक के लिए स्थगित कर दी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



